Post Views 01
October 22, 2026
उदयपुर। गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के एक होटल में पुलिस और सीआईडी की संयुक्त टीम ने थाईलैंड की तीन महिलाओं को डिटेन किया है। पुलिस के मुताबिक तीनों के पासपोर्ट और वीजा की अवधि खत्म हो चुकी थी, फिर भी वे उदयपुर में रह रही थीं। अब उन्हें भारत से डिपोर्ट करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है, और होटल संचालक के खिलाफ इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 की धारा 7(2) और धारा 29 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मुकुल शर्मा के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (विदेशी पंजीयन अधिकारी) डॉ. विक्रम सिंह के नेतृत्व में की गई।
होटल के विजिटर रजिस्टर में नहीं थी एंट्री
पुलिस के अनुसार सीआईडी की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट को सूचना मिली थी कि होटल में विदेशी महिलाएं अवैध रूप से ठहरी हुई हैं और मसाज-स्पा के काम की आड़ में संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। दबिश में तीनों के होटल में ठहरने की पुष्टि हुई। पूछताछ में होटल संचालक ने उनसे स्पा का काम करवाने की बात स्वीकार की। होटल के विजिटर रजिस्टर में तीनों महिलाओं के ठहरने की कोई एंट्री नहीं मिली। होटल में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी देना होटल की जिम्मेदारी होती है।
एक महिला पहले भी हो चुकी है डिपोर्ट
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक तीनों में से एक महिला को पहले भी भारत से डिपोर्ट किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि वह कथित तौर पर नेपाल सीमा के रास्ते दोबारा भारत आई और उदयपुर पहुंच गई। पुलिस अब विदेशी नागरिकों के प्रवेश और ठहराव से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह ने कहा कि वैध दस्तावेजों के बिना विदेशी नागरिकों का देश में रहना गंभीर मामला है और यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी अहम है। हालांकि पुलिस ने महिलाओं के किसी राष्ट्रविरोधी गतिविधि में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है।
जयपुर में भी हो चुकी हैं ऐसी कार्रवाइयां
वीजा खत्म होने के बाद रह रही विदेशी महिलाओं पर प्रदेश में पहले भी कार्रवाई हुई है। जयपुर में जुलाई में 9 विदेशी महिलाओं और अगस्त में 19 विदेशी युवतियों को डिपोर्ट किया गया था, जबकि सितंबर में एक रिसॉर्ट पर दबिश के दौरान 7 थाई युवतियों समेत 11 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना सामने आई थी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved