Post Views 61
October 24, 2026
अनिल वनवानी/उदयपुर। राजस्थान के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने भारत और सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। उदयपुर के ओगणा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ही एकमात्र ऐसा देश है, जहां हिंदू सुरक्षित रह सकता है। अगर भारत और सनातन धर्म नहीं रहे तो हमारे पास दो ही विकल्प बचेंगे—या तो समुद्र में डूबना पड़ेगा या फिर ऊपर जाना होगा। पंचायतीराज चुनाव के माहौल के बीच दिए गए इस बयान में खराड़ी ने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग खुद को हिंदू नहीं मानते। सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि क्या ऐसे लोग हमारी पुरानी परंपराओं को बंद कर देंगे?
‘विरासत और संस्कृति से समझौता नहीं’
खराड़ी ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे लोग जब गांव में आएं तो उनका मुंह काला करके गांव से बाहर निकाल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेता आएंगे और चले जाएंगे, राजनीतिक पार्टियां भी बदलती रहेंगी, लेकिन हमारी विरासत, संस्कृति और संस्कार हमेशा कायम रहने चाहिए।
नवरात्रि और आदिवासी परंपराओं का किया जिक्र
मंत्री ने नवरात्रि के दौरान देवी माता की पूजा-अर्चना और मंदिरों में दर्शन करने की परंपरा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये आदिवासी समाज की विरासत है, जिसे पूर्वजों ने आगे बढ़ाया है। पूर्वजों और माताजी की पूजा करने की परंपराओं को लेकर उन्होंने सवाल किया कि क्या कुछ लोग इन्हें बंद करवा देंगे?
लोगों से परंपराएं कायम रखने की अपील
खराड़ी ने अपने संबोधन में एक बार फिर भारत और सनातन धर्म के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से कहा कि उन्हें तय करना है कि वे अपनी विरासत, संस्कृति, संस्कार और सनातन परंपराओं को आगे भी कायम रखना चाहते हैं या नहीं। मंत्री का यह बयान पंचायतीराज चुनाव के बीच सामने आया है, जिसमें उन्होंने धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को लेकर अपनी बात रखी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved