Post Views 01
October 22, 2026
जयपुर। पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए भाजपा में टिकटों पर चल रही रायशुमारी के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ नाराज हो गए। बुधवार को भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक से जुड़े सूत्रों के मुताबिक राठौड़ चूरू जिला परिषद के लिए अपने बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और बहू के लिए टिकट मांग रहे थे। संगठन की ओर से कहा गया कि बहू का टिकट तय कर देते हैं और बेटे का टिकट फिलहाल होल्ड पर रखते हैं, जिस पर राठौड़ भड़क गए।
‘आरसीए में भी होल्ड पर रखा था’
सूत्रों के मुताबिक राठौड़ ने कहा कि बेटे का नाम आरसीए में भी होल्ड पर रख लिया गया था, आखिर कब तक होल्ड पर रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कई जगह एक ही परिवार को तीन-तीन टिकट दिए गए हैं, तो संगठन को उन्हीं से क्या समस्या है।पराक्रम सिंह राठौड़ ने सितंबर में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था, लेकिन बाद में नाम वापस ले लिया था।
बैठक छोड़कर जाने लगे, मुख्यमंत्री ने संभाला
बताया जा रहा है कि राठौड़ इतने नाराज हो गए कि एक बार बैठक छोड़कर जाने लगे। बैठक में मौजूद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थिति संभाली और उनसे कहा कि वे वरिष्ठ नेता हैं और उनकी राय को महत्व दिया जाएगा। बैठक के बाद राठौड़ रवाना हो गए।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved