Post Views 01
September 1, 2026
सीकर। रामगढ़ सेठान थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए सड़क हादसे में झालावाड़ एसपी आईपीएस अमित बुडानिया के पिता महावीर जाट (62) की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब उनकी कार का टायर अचानक फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रॉले से टकरा गया। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल महावीर जाट को फतेहपुर के धानुका अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सोमवार रात करीब 8:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार महावीर जाट, निवासी सीतसर, जिला झुंझुनूं, सोमवार रात फतेहपुर से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। वे सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी थे। रात करीब 8:30 बजे दिल्ली-बीकानेर हाईवे पर सदीनसर में सरस्वती स्कूल के सामने उनकी डैटसन गो कार का टायर फट गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रॉले से जा टकराई।
एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की मदद से महावीर जाट को फतेहपुर के धानुका अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रिटायर्ड आर्मी अफसर थे महावीर जाट
महावीर जाट सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी थे। वे झालावाड़ एसपी अमित बुडानिया के पिता थे। हादसे की सूचना के बाद परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved