Post Views 51
September 1, 2026
नसीराबाद क्षेत्र में खरीफ फसलों को भारी नुकसान, विशेष गिरदावरी और मुआवजे की मांग, किसान अपनी खराब फसल हाथों मे लेकर पहुंचे जिला मुख्यालय किया प्रदर्शन
खरीफ सीजन 2026 में कम बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर किसान महापंचायत अध्यक्ष बालू राम भींचर के नेतृत्व में क्षेत्र के किसानों ने अजमेर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों को राहत पैकेज देने की मांग की है।ज्ञापन में बताया गया कि नसीराबाद उपखंड क्षेत्र के राजस्व गांव सामनेदा, मोरासड़ी, खेड़ा रघुनाथपुरा, कोरिया, रामसर, रामबाड़ी, माकड़िया, सनोद, कानपुरा, तिहारी सहित कई गांवों में इस वर्ष खरीफ सीजन में मूंग, बाजरा और कपास की बुवाई की गई थी। लेकिन बारिश की कमी के चलते फसलें सूखने लगी हैं और कीट एवं रोग के प्रकोप से भी किसानों को भारी नुकसान हुआ है।किसानों का दावा है कि कई क्षेत्रों में फसलों को लगभग 100 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। कम बारिश के चलते उत्पादन नगण्य होने के साथ पशुओं के लिए चारे का संकट भी खड़ा हो गया है।ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से तत्काल विशेष गिरदावरी करवाने, क्षेत्र को सूखाग्रस्त/आपदा प्रभावित घोषित करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल खराबे का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई है। साथ ही बीमा योजना में शामिल किसानों के साथ-साथ जिन किसानों की फसल का बीमा नहीं हुआ है, उन्हें भी विशेष गिरदावरी के आधार पर राहत दिलाने की मांग रखी गई।किसानों ने नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के अधिकृत एरिया सुपरवाइजरों को खेतों में भेजकर फसल खराबे की रिपोर्ट तैयार करवाने की भी मांग की है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved