Post Views 01
September 1, 2026
अलवर। जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के बुटोली गांव में सोमवार शाम पतंग लूटने के दौरान 10 वर्षीय बालक खुले बोरवेल में गिर गया। बालक की पहचान भानु गुर्जर के रूप में हुई है। बोरवेल घास से ढंका हुआ था, जिससे बच्चे को गड्ढा दिखाई नहीं दिया और वह उसमें जा गिरा।घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद भानु को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
करीब 40 फीट की गहराई पर फंसा था बच्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भानु बोरवेल में करीब 40 फीट की गहराई पर फंसा हुआ था। बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए बोरवेल में पाइप डाला गया। एहतियात के तौर पर मौके पर 108 एम्बुलेंस भी तैनात की गई।रेस्क्यू के शुरुआती घंटों में बच्चे तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। देर रात तक टीम लगातार प्रयास करती रही और बाद में उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली।
दो जेसीबी से बोरवेल के पास शुरू की खुदाई
बुटोली निवासी शिवराम गुर्जर ने बताया कि उनका बेटा भानु पतंग लूटने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान वह घास से ढंके खुले बोरवेल में गिर गया। रेस्क्यू के लिए बोरवेल के पास दो जेसीबी मशीनों से समानांतर खुदाई शुरू की गई। ग्रामीणों ने भी प्रशासन और बचाव दल का सहयोग किया।
NDRF की टीम भी पहुंची मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान में जुट गई। बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए बोरवेल के आसपास सावधानीपूर्वक खुदाई की गई। मौके पर जिले के कई थानों का पुलिस बल तैनात रहा, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखने के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन बिना किसी बाधा के चलाया जा सके।
एसडीएम और डीएसपी समेत अधिकारी रहे मौजूद
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीएम मनीषा रेशम, डीएसपी नागेंद्र सिंह, तहसीलदार मनीष कुमार शर्मा और एसएचओ राजेश कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। प्रशासनिक अधिकारियों ने बचाव दल और ग्रामीणों के साथ समन्वय कर बच्चे को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी रखे।
सकुशल बाहर आने पर परिवार और ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भानु को बोरवेल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के सकुशल बाहर आने पर परिवार और मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved