Post Views 31
July 7, 2026
अजमेर में मंगलवार को मानसून की पहली जोरदार बारिश ने स्मार्ट सिटी की पूरी तरह पोल खोल कर रख दी।सुबह शुरू हुई रिमझिम दोपहर तक तेज बारिश में बदल गई। करीब डेढ़ घंटे की तेज बारिश से शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। कई जगहों पर तीन फीट तक पानी भर गया। लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन पानी में फंस कर बंद हो गए। बच्चे पानी के बीच से होकर स्कूल से घर आते दिखे।
मंगलवार सुबह मौसम में बदलाव के साथ शुरू हुई बारिश ने कुछ ही देर में रफ्तार पकड़ ली। करीब डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश से शहर के निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर तीन से चार फीट तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई रास्तों पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के चलते कई दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंस गए। कई वाहनों के इंजन में पानी भरने से वे बीच सड़क पर ही बंद हो गए, जिससे जाम की स्थिति भी बनी। लोगों को वाहनों को धक्का लगाकर बाहर निकालना पड़ा। बारिश के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को भी भारी परेशानी उठानी पडी। मैयो स्कूल के पीछे धोलाभाटा रोड पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों को पानी के बीच होकर निकलना पड़ा। कई स्थानों पर जलभराव के कारण स्कूल पहुंचने में देरी हुई।
महिमा टिंडल ब्रिज के नीचे ब्यावर रोड पर भी हर बार की तरह बारिश के दौरान भरने वाले पानी ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया कई वाहन दो से तीन फीट पानी के बीच निकलते नजर आए स्कूलों की छुट्टी के चलते स्कूल वैन और छोटे वाहन जिनमें बच्चे सवार थे वहां से निकलते समय बंद भी हो गए।
सुबह से हुई रिमझिम बारिश और तेज बारिश के बीच सुहाने मौसम का आनंद लेने के लिए शहर के कुछ लोग आनासागर और तारागढ़ पृथ्वीराज स्मारक पर पहाड़ों पर पहुंचे और वहां से इस सुहाने मौसम का आनंद लिया। पर्यटकों ने बताया कि भीषण गर्मी और उमस के बाद बारिश ने कुछ राहत दी है और मौसम सुहाना हुआ है। इसी मौसम का इंतजार था और आज उसका आनंद लेने के लिए हम पहाड़ों पर आए हैं।
वहीं किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ी
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह 8:30 बजे तक 26.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही 1 जून से अब तक जिले में कुल 162.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है। 7 जुलाई तक सामान्य बारिश 92.5 मिमी मानी जाती है, जबकि इस बार 162.8 मिमी बारिश हो चुकी है, यानी सामान्य से करीब 76 प्रतिशत अधिक। जुलाई के शुरुआती सात दिनों में ही 78.4 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जो मानसून की अच्छी रफ्तार का संकेत है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मंगलवार से गुरुवार तक जिले में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने के आसार हैं। सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम सुहावना बने रहने के संकेत हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved