Post Views 21
May 30, 2026
पुष्कर में जनसुनवाई बनी समीक्षा बैठक, मंत्री सुरेश रावत ने पानी-बिजली और चिकित्सा व्यवस्था पर अधिकारियों को दिए निर्देश
पुष्कर उपखंड कार्यालय में शनिवार को पुष्कर विधायक एवं जल संसाधन कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत की जनसुनवाई प्रस्तावित थी। उपखंड कार्यालय की ओर से सूचना जारी की गई थी कि 30 मई 2026 को शाम 4 बजे आमजन की पानी, बिजली एवं चिकित्सा विभाग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में परिवेदनाओं का त्वरित निस्तारण किया जाना था।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान यह जनसुनवाई अधिकारियों की समीक्षा बैठक में तब्दील होती दिखाई दी। इसके बावजूद मंत्री सुरेश रावत ने सूचना के आधार पर पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। मंत्री रावत ने कहा कि गर्मी के मौसम में पुष्कर उपखंड के गांवों, नगर क्षेत्र और पुष्कर अस्पताल से जुड़ी पानी, बिजली और चिकित्सा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने बताया कि तीनों विभागों के अधिकारियों को बुलाकर गांव-वार रिपोर्ट ली जा रही है और स्पष्ट निर्देश दिए जा रहे हैं कि गर्मी में आमजन को परेशानी न हो। सामाजिक कार्यकर्ता अरुण पाराशर ने मंत्री के सामने पुष्कर की सात कच्ची बस्तियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि करीब 30-35 वर्षों से रह रहे लोगों की बस्तियां डिनोटिफाइड होने के बावजूद अब तक पट्टे नहीं मिले। 957 लोगों का चयन हुआ, 852 को पात्र माना गया और 108 फाइलें राज्य सरकार को भेजी गईं, लेकिन भूमि स्वामित्व का पट्टा अब तक नहीं मिला। उन्होंने पुष्कर की पेयजल समस्या पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शहर की आबादी और यात्रियों की संख्या बढ़ चुकी है, जबकि पुरानी पानी की लाइनें केवल 10 हजार आबादी के हिसाब से बनी थीं। 27 करोड़ की पेयजल योजना वर्षों से लंबित है। वहीं श्री तीर्थ गुरु पुष्कर पुरोहित संघ ट्रस्ट ने ज्ञापन देकर पुष्कर सरोवर और घाटों की समस्याओं के समाधान की मांग की। संघ ने अधिक मास में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवक को देखते हुए घाटों पर कारपेट और टेंट लगाने, सरोवर का जलस्तर बनाए रखने के लिए ट्यूबवेल और बीसलपुर लाइन चालू कराने, घाटों की सीढ़ियों से काई हटाने, अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाने और बंद पड़ी लाइटें चालू कराने की मांग रखी।
कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर, जलदाय, विद्युत और पुष्कर राजकीय अस्पताल से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मंत्री रावत ब्रह्मा मंदिर और पुष्कर सरोवर के लिए रवाना हो गए।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved