Post Views 01
May 30, 2026
अजमेर। शहर में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस ने सांसी बस्ती में व्यापक सर्च अभियान चलाया। लंबे समय से क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद यह विशेष कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व दक्षिण वृत्त अधिकारी मनीष बडगुर्जर ने किया।
अभियान के दौरान करीब 150 पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों की टीम ने सांसी बस्ती में एक साथ दबिश दी। पुलिस ने घर-घर जाकर तलाशी ली तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की जांच की। कई लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के चलते पूरे क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अपराधी गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित जानकारियां भी एकत्र की गईं।
सीओ मनीष बडगुर्जर ने कहा कि अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved