Post Views 01
May 28, 2026
विधानसभा अध्यक्ष ने बोराज तालाब की निर्माणाधीन पाल का किया निरीक्षण
वर्षा पूर्व कार्य को अंतिम रूप देने के निर्देश, जलभराव से राहत को लेकर क्षेत्रवासियों को किया आश्वस्त
अजमेर, 28 मई। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को वरुण सागर रोड स्थित बोराज तालाब की निर्माणाधीन पाल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, पाल की ऊंचाई, जल निकासी व्यवस्था तथा खुदाई कार्य का मौके पर अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि पाल की ऊंचाई तकनीकी मानकों के अनुसार निर्धारित की जाए । इससे आगामी मानसून में क्षेत्र में किसी प्रकार की जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने ओवरफ्लो पानी की समुचित निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने तालाब में चल रहे खुदाई कार्य का निरीक्षण कर कहा कि खुदाई कार्य व्यवस्थित एवं पर्याप्त गहराई तक किया जाए। इससे अधिकतम जल संचय हो सके तथा वर्षा जल का संरक्षण प्रभावी रूप से किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह जल संचय संरचना क्षेत्र में जल संरक्षण के साथ एक रमणीय स्थल के रूप में भी विकसित होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने नवकर नगर, स्वास्तिक नगर एवं आसपास के क्षेत्र के स्थानीय निवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। क्षेत्रवासियों से पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित जानकारी ली। श्री देवनानी ने मौके से ही जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र में अतिरिक्त पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि बोराज तालाब की पाल के सुदृढ़ निर्माण से आगामी वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित होगी। उन्होंने अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को वर्षा पूर्व समस्त कार्यों को अंतिम रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
श्री देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश एवं अजमेर शहर में जल संरक्षण, आधारभूत संरचनाओं के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बोराज तालाब की पाल का पुनर्निर्माण क्षेत्र के लिए दीर्घकालीन लाभकारी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता श्री राजीव मीणा सहित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved