Post Views 51
May 8, 2026
जयपुर। शहर के होटल ट्रेडिशनल हवेली में संचालित अवैध हुक्का बार पर पुलिस ने बुधवार देर रात छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान होटल के मैनेजर को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से हुक्का सामग्री और तंबाकू फ्लेवर की बड़ी खेप जब्त की गई। छापे के दौरान कई युवक-युवतियां हुक्का पीते हुए पाए गए, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
डीसीपी क्राइम संजीव नैन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल ट्रेडिशनल हवेली में अवैध रूप से हुक्का बार चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीएसटी टीम और थाना सदर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस ने 7 हुक्के, चिलम, रबर पाइप और विभिन्न तंबाकू फ्लेवर के डिब्बे जब्त किए।
कार्रवाई के दौरान होटल मैनेजर सुभहा राय को गिरफ्तार किया गया, जबकि हुक्का पीते मिले 6 लोगों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत चालान किया गया। पुलिस ने इस संबंध में थाना सदर जयपुर पश्चिम में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved