Post Views 91
May 8, 2026
अनिल वनवानी / उदयपुर | प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य और भाजपा नेता प्रो. गौरव वल्लभ ने कांग्रेस और राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने दावा किया कि अगले चुनाव में डोटासरा राजनीति से साफ हो जाएंगे। गौरव वल्लभ ने कहा कि “गंगोत्री से गंगासागर तक कांग्रेस शून्य बट्टे सन्नाटा हो गई है।” उदयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान वल्लभ ने बताया कि पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में हुए चुनावों में वंशवाद और परिवारवाद का मॉडल खत्म हो गया है, और जनता ने गुड गवर्नेंस को तरजीह दी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दस सालों में एक भी ऐसा राज्य नहीं है, जहां कांग्रेस की सरकार रिपीट हुई हो। वल्लभ ने टीएमसी और ममता बनर्जी पर भी तीखा हमला किया। उनका कहना था कि आगामी चुनावों में टीएमसी का प्रदर्शन और कमजोर होगा और पार्टी सिंगल डिजिट तक सिमट सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में टीएमसी ने घुसपैठियों को गलत तरीके से बसाने और तुष्टीकरण की राजनीति की, जिसका जवाब जनता ने वोट के जरिए दिया।
गोविंद सिंह डोटासरा पर टिप्पणी करते हुए वल्लभ ने कहा कि उनकी पीएचडी गमछा नृत्य और गलत बयानबाजी में है, और उन्होंने जोर देकर कहा कि गलत बयान देकर राजनीति नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा, गौरव वल्लभ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की रात्रि चौपाल की तारीफ की और इसे सुसंविधान और सुशासन की पहचान बताया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीणों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनते हैं और वहीं रात्रि विश्राम भी करते हैं, जिससे जमीनी स्तर पर प्रशासन की पकड़ मजबूत होती है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए वल्लभ ने कहा कि गहलोत ने अपने कार्यकर्ताओं को छोड़कर मुंबई में जन्मदिन मनाया, जो जनता और कार्यकर्ताओं से दूरी का संकेत है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved