Post Views 41
April 15, 2026
जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक
जयपुर मुख्यालय पर जोनवार अभियंताओं के लिए लगेंगे कैम्प
परियोजनाओं के कार्यों में आएगी और गति
अभियंता परियोजना क्षेत्रों में करेंगे नियमित दौरे
फोटो सहित वास्तविक स्थिति की भेजनी होगी रिपोर्ट
- जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत
अजमेर , 15 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जल संसाधन विभाग प्रदेश में जल प्रबंधन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जल परियोजनाओं की बजट घोषणाओं और प्रगतिरत कार्यों को समयबद्ध धरातल पर उतार कर अंतिम छोर तक जल उपलब्धता के लिए मिशन मोड पर कार्य किए जा रहे हैं।
जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने बुधवार को इंदिरा गांधी नहर भवन में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए जल प्रबंधन परियोजना के कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं को गति देने के लिए जयपुर मुख्यालय पर जोनवार अभियंताओं के कैम्प लगाकर कार्य प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाए। कैम्पों में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने, विभिन्न अनुमतियों के मिलने में देरी और धरातल पर आ रही समस्याओं का समाधान भी निकालें।
श्री रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शर्मा द्वारा जल प्रबंधन को लेकर नियमित समीक्षा की जा रही हैं। इसलिए परियोजनाओं को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। किसी भी तरह कोताही नहीं बरतें। श्री रावत ने कहा कि अभियंता कार्ययोजना बनाकर अपने क्षेत्रों में प्रगतिरत सभी परियोजना क्षेत्रों का नियमित दौरा करें। कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजन से संवाद किया जाए। श्री रावत ने दौरे के फोटोग्राफ और वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट हर माह मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी की जिम्मेदारी सम्बंधित अभियंताओं की तय की जाएगी।
जल संसाधन मंत्री ने कहा कि कार्यों में गुणवत्ता के लिए पाइप, सरिये, सीमेंट सहित अन्य सामग्री की नियमित जांच करें। उन्होंने परियोजनाओं के कार्यों में देरी के कारणों की रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के साथ रियल टाइम मॉनिटरिंग कराने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अभय कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा परियोजना क्षेत्र दौरे को लेकर एक विशेष ड्राइव चलाई जा रही है। इसमें अभियंता मौका निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। श्री रावत ने सराहना करते हुए ड्राइव को नियमित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में देवास, बागोलिया फीडर, अपर हाई लेवल कैनाल, खारी फीडर, पीपलखूंट हाई लेवल, गराड़िया एनीकट, थापरा एनीकट, खमेरा लघु सिंचाई, सेई बांध के अधिशेष पानी को जवाई बांध पहुंचाने के लिए सुरंग की क्षमता बढ़ाने, तहसील बारां में पार्वती नहर प्रणाली की पार्वती मुख्य नहर के सुदृढ़ीकरण, हथियादेह मध्यम सिंचाई परियोजना में बांध निर्माण कार्य, तकली मध्यम सिंचाई परियोजना में नहर निर्माण, परवन वृहद बहुददेशीय सिंचाई, गागरिन मध्यम सिंचाई, कालीतीर लिफ्ट स्कीम, धौलपुर लिफ्ट सिंचाई एवं पेयजल, ईसरदा, दोहरी लघु सिंचाई सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव श्री भुवन भास्कर, मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव (पश्चिम) श्री अमरजीत सिंह सहित विभागीय उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved