Post Views 51
April 15, 2026
मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान की समीक्षा आयोजित
अजमेर, 15 अप्रैल। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान की समीक्षा बैठक जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की पहल पर संचालित मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने विभागों को सभी गतिविधियों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों के लिए डायनामिक मास्टर प्लान तैयार करें। इसमें स्थानीय निवासियों, हितधारकों, गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य स्त्रोतों का उपयोग किया जाना चाहिए। सामूहिक सलाह एवं विमर्श के साथ आकांक्षा सूचकांक भी निर्धारित होने चाहिए। नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से हर स्तर पर जवाबदेही और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
जिला कलक्टर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से संवाद कर उनके सुझाव, समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली और संबंधित विभागों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। समस्त विभाग अपने डाटा गुरूवार को ही उपलब्ध कराएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के डाटा ग्राम पंचायतों के अनुसार तथा शहरी क्षेत्रों के डाटा वार्ड के अनुसार होने चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को ग्राम सभा में अनिवार्य रूप से भाग लेने तथा जमीनी स्तर पर गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपखण्ड अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करवाना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम सभा एवं वार्ड सभा के माध्यम से सुझाव संकलन, डेटा एंट्री, जीआईएस मैपिंग और मास्टर प्लान तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही 20 अप्रैल तक फोकस ग्रुप डिस्कशन, 25 अप्रैल तक ड्राफ्ट मास्टर प्लान तथा 15 मई तक अंतिम मास्टर प्लान तैयार कर पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित करने को कहा। नवगठित ग्राम पंचायतों में ग्राम सेवकों की आईडी मैपिंग शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान का क्रियान्वयन सुचारू रूप से हो सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड टूलकिट को 11 प्रमुख सेक्शनों- प्रशासनिक, कृषि एवं आजीविका, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना, जल प्रबंधन, पर्यावरण, पर्यटन एवं सुशासन में विभाजित किया गया है। इससे डिजिटल बेसलाइन तैयार की जा रही है। इसके आधार पर वर्ष 2030, 2035 एवं 2047 तक की आकांक्षाओं का आकलन कर योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के लिए विकसित वेब पोर्टल के माध्यम से डेटा एंट्री, मॉनिटरिंग, जीआईएस आधारित मैपिंग तथा मास्टर प्लान अपलोड की सुविधा उपलब्ध है, जबकि मोबाइल एप से जियो-टैग्ड फोटो अपलोड की व्यवस्था भी की गई है। अभियान से संबंधित डाटा सीडिंग के कार्य में तेजी लाएं। विकास रथों से संबंधित रूट चार्ट एवं अन्य व्यवस्थाएं निर्देशानुसार सुनिश्चित की जाएं। सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों में से असंतुष्ट श्रेणी के प्रकरणों का सत्यापन करें।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती नित्या के., अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेन्द्र कुमार मीणा, नगर निगम की उपायुक्त श्रीमती अनिता चौधरी, जिला रसद अधिकारी श्रीमती मोनिका जाखड़ सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved