Post Views 01
April 2, 2026
अजमेर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रचे सफलता के नए कीर्तिमान: डीआरएम राजू भूतड़ा
माल लदान, समयपालनता और रेल राजस्व में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज
उत्तर पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अर्जित की गई उत्कृष्ट उपलब्धियों को साझा करने हेतु आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के 'संवेग' सभाकक्ष में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि बीता वित्तीय वर्ष मंडल के लिए बुनियादी ढांचे के विस्तार, यात्री सुविधाओं में वृद्धि माल लदान, समयपालनता और रेल राजस्व सृजन के मामले में ऐतिहासिक रहा है।
प्रमुख उपलब्धियाँ:
1. रिकॉर्ड सकल आय:- वित्त वर्ष 2025-26 में उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित करते हुए अपने अब तक के इतिहास का सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। मंडल ने इस वित्त वर्ष के दौरान ₹1,976.04 करोड़ की कुल सकल आय अर्जित कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है।
2. समयपालनता में भी अजमेर मंडल भारतीय रेल में 'नंबर वन' पर बरकरार- उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 (26 मार्च तक) में ट्रेनों के परिचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे भारतीय रेल नेटवर्क में प्रथम स्थान पर काबिज है। मंडल ने सभी श्रेणियों की कोचिंग ट्रेनों (मेल/एक्सप्रेस व पैसेंजर) के समग्र समयपालन प्रदर्शन (ओवरऑल पंक्चुअलिटी) में 97.75 % की उपलब्धि दर्ज की है। अजमेर मंडल ने मेल एक्सप्रेस ट्रेनों में वर्ष 2025- 26 में 97.80% और पैसेंजर ट्रेनों में 98.03% समयपालनता अर्जित की |
3. एतिहासिक माल लदान- अजमेर मंडल ने माल लदान (फ्रेट लोडिंग) के क्षेत्र में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। वित्त वर्ष 2025-26 के समापन पर मंडल ने 10.29 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा पार किया है, जो वर्ष 2002 में मंडल की स्थापना के बाद से अब तक का सर्वाधिक वार्षिक लदान है।
4. अमृत भारत स्टेशन योजना: मंडल के 15 स्टेशन पर स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य जारी हैं जिनमे अधिकाँश पर कार्य अपने अंतिम चरण में हैं।
5. पर्यावरण संरक्षण: ऊर्जा की बचत के लिए सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना और स्टेशनों पर 'जीरो वेस्ट' नीति के तहत पर्यावरण संरक्षण के विशेष प्रयास किए गए।
6. रेल मदद :- अजमेर मंडल ने बेहतरीन फ़ीडबैक (76.12%) के लिए भारतीय रेलवे में पहला स्थान, असंतोषजनक फ़ीडबैक (11.63%) के लिए भारतीय रेलवे में तीसरा स्थान, न्यूनतम निपटान समय (17.00 मिनट) के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे में पहला स्थान किया|
श्री राजू भूतड़ा ने इस सफलता का श्रेय मंडल के समस्त रेलकर्मियों की कर्मठता और यात्रियों के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने आगामी वर्ष के लिए 'सेफ्टी फर्स्ट, पैसेंजर फर्स्ट' के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि अजमेर मंडल भविष्य में भी अत्याधुनिक सेवाओं के जरिए भारतीय रेलवे के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री विकास बूरा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्री प्रेम रंजन ठाकुर व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved