Post Views 01
March 31, 2026
पुष्कर के विकास को लेकर सीएम की बड़ी बैठक, घाटों और मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर जोर
पुष्कर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री कार्यालय में सोमवार देर रात महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीर्थराज पुष्कर के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि पुष्कर सरोवर के घाटों, ब्रह्मा मंदिर सहित सभी मंदिरों की पौराणिक विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए उनका भव्य सौंदर्यीकरण किया जाए। उन्होंने धार्मिक महत्व को बनाए रखते हुए आधुनिक सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को साधु-संतों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ और उनका अभिनंदन किया गया। इस मौके पर पुष्कर के साधु-महंत, जनप्रतिनिधि, तीर्थ पुरोहित संघ के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक में धरोहर प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कमल पाठक, वरिष्ठ भाजपा नेता शिव स्वरूप महर्षि, भाजपा जिला प्रवक्ता अरुण वैष्णव और पुष्कर नारायण भाटी, अशोक पाराशर, रोहन बाकोलिया सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved