Post Views 01
March 31, 2026
शिक्षा मंत्री ने किया सीनियर सैकेण्डरी का परिणाम जारी
अजमेर, 31 मार्च। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा सीनियर सैकण्डरी कला, वाणिज्य एवं विज्ञान तथा वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा 2026 का परिणाम मंगलवार को शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर द्वारा उदयपुर से ऑनलाइन माध्यम से जारी किया गया।
शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने प्रवेशोत्सव के महत्व पर बल देते हुए अभिभावकों से अधिकाधिक बच्चों को शिक्षा के मार्ग में आगे बढ़ाने का आह्वान किया तथा कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा ही राज्य के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आजादी के पश्चात पहली बार मार्च माह में ही परीक्षा परिणाम जारी किया गया है, जो शिक्षा विभाग की कार्यकुशलता एवं समयबद्धता का परिचायक है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी एवं शुचिता युक्त बनाने के लिए हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी गई। उन्होंने महत्वपूर्ण सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि अब रीटोटलिंग के स्थान पर पुनर्मूल्यांकन की व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को अधिक न्यायसंगत मूल्यांकन मिल सकेगा। साथ ही बोर्ड परीक्षाएं वर्ष में दो बार आयोजित करने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे विद्यार्थी प्रथम प्रयास में कम अंक आने पर पुनः परीक्षा देकर अपने परिणाम में सुधार कर सकेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को न्यूनतम तीन परीक्षाओं में सम्मिलित होना आवश्यक होगा।
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि एक अप्रैल तक सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएंगी तथा प्रवेशोत्सव के पश्चात विद्यालयों में गणवेश भी वितरित किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को कक्षा में मोबाइल का उपयोग नहीं करने के निर्देश देते हुए कहा कि अध्यापन कार्य में पूर्ण समर्पण एवं अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है। इससे विद्यार्थियों का शैक्षणिक वातावरण सुदृढ़ हो सकेगा।
इस अवसर पर बोर्ड प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ तथा बोर्ड सचिव श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ भी बोर्ड कार्यालय से वर्चुअली जुड़े। प्रशासक श्री राठौड़ ने कहा कि बोर्ड द्वारा समय पर परिणाम जारी कर अभूतपूर्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया है, जो विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए अत्यंत राहतकारी है। वहीं बोर्ड सचिव श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि बोर्ड की पूरी टीम के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप ही परीक्षा परिणाम निर्धारित समय में घोषित किया जा सका है।
उल्लेखनीय है कि सीनियर सैकण्डरी परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च 2026 के मध्य आयोजित की गई थीं तथा विद्यार्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन देख सकते हैं।
जारी परिणाम के अनुसार इस वर्ष भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उच्च सफलता दर दर्ज की है। विज्ञान वर्ग में कुल 2 लाख 87 हजार 68 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 2 लाख 85 हजार 299 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। विज्ञान वर्ग का कुल परिणाम 97.52 प्रतिशत रहा, जिसमें छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 97.02 तथा छात्राओं का 98.34 प्रतिशत दर्ज किया गया। प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी उल्लेखनीय रही, जिसमें एक लाख 46 हजार 644 छात्र तथा 98 हजार 636 छात्राएं शामिल हैं।
वाणिज्य वर्ग में कुल 30 हजार 798 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए, जिनमें से 30 हजार 580 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस वर्ग का परिणाम 93.64 प्रतिशत रहा। छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.04 तथा छात्राओं का 92.82 प्रतिशत दर्ज किया गया। प्रथम श्रेणी में 13 हजार 976 छात्र एवं 8 हजार 96 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं, जो गुणवत्तापूर्ण परिणाम का संकेत है।
कला वर्ग में सर्वाधिक परीक्षार्थियों की भागीदारी रही। कुल 5 लाख 91 हजार 23 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 5 लाख 83 हजार 201 ने परीक्षा में भाग लिया। इस वर्ग का परिणाम 97.54 प्रतिशत रहा, जिसमें छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.68 तथा छात्राओं का 98.29 प्रतिशत रहा। प्रथम श्रेणी में एक लाख 56 हजार 818 छात्र तथा 2 लाख 27 हजार 252 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं, जो छात्राओं की उत्कृष्ट उपलब्धि को दर्शाता है।
वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा में कुल 4 हजार 114 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4 हजार 67 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस परीक्षा का कुल परिणाम 97.20 प्रतिशत रहा। छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.46 तथा छात्राओं का 97.77 प्रतिशत दर्ज किया गया। प्रथम श्रेणी में 832 छात्र एवं एक हजार 328 छात्राएं सफल रही हैं।
परिणाम विश्लेषण से स्पष्ट है कि सभी वर्गों में छात्राओं ने छात्रों की अपेक्षा बेहतर प्रदर्शन किया है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved