Post Views 01
March 28, 2026
रसद विभाग द्वारा 681 घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त
अजमेर, 28 मार्च। जिले में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए रसद विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक जिले के 26 विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 681 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि शनिवार को पूरे जिले में गैस एजेंसियों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। सभी उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, जिले के विभिन्न अधिकारियों एवं अन्य सतर्कता यूनिट द्वारा गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर घरेलू एलपीजी सिलेण्डरों के स्टॉक, बुकिंग एवं होम डिलीवरी की स्थिति को जाँचा गया। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी केवल ओटीपी के माध्यम से ही की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।
जिला कलक्टर ने बताया कि जिले में घरेलू गैस, पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है। ताकि उपभोक्ताओं को घरेलू गैस आपूर्ति में कोई बाधा न हो। गैस एजेंसियां बुकिंग के पश्चात 2 से 3 दिन में घरेलू गैस की डिलीवरी कर रही हैं। कालाबाजारी, जमाखोरी की शिकायत प्राप्त होने पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित रूप से कार्यवाही की जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved