Post Views 01
March 24, 2026
जिला कलक्टर ने शहरी फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति को लेकर ली समीक्षा बैठक
प्रगति बढ़ाने एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश, विकसित ग्राम एवं वार्ड अभियान के संबंध में की चर्चा
अजमेर, 24 मार्च। जिला कलक्टर श्री लोकबंधु की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल सेवा केंद्र के वीसी कक्ष में शहरी निकायों की फ्लैगशिप योजनाओं एवं मुख्यमंत्री विकसित ग्राम एवं वार्ड अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी , श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के दौरान नगर निकायों द्वारा प्रस्तुत अद्यतन प्रतिवेदनों, लंबित कार्यों की स्थिति, टेंडर प्रक्रियाओं, वित्तीय प्रगति एवं आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि सभी शहरी निकाय निर्धारित प्रारूप में अद्यतन जानकारी समय-सीमा में उपलब्ध कराएं तथा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाए। इससे कोई भी हितग्राही वंचित नहीं रहे।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि योजना की प्रगति की मॉनिटरिंग बैंकर्स के साथ जिला स्तर पर समूह के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैंक समन्वय के माध्यम से ऋण स्वीकृति एवं वितरण से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना के अंतर्गत भोजन की गुणवत्ता एवं पौष्टिकता बनाए रखने, रसोईयों का नियमित निरीक्षण करने तथा गैस आपूर्ति की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की द्वितीय एवं तृतीय किस्तों का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को क्षेत्र में संचालित गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही व्यावसायिक दुरुपयोग एवं कालाबाजारी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी प्रदान किए।
माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी विजन के अनुरूप प्रदेशभर में संचालित मुख्यमंत्री विकसित ग्राम एवं वार्ड अभियान के संबंध में जिला कलक्टर ने बताया कि यह अभियान 15 मई तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत वार्ड स्तर पर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए विकास की समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्ड सभाओं के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं का सूक्ष्म आकलन कर योजनाएं जमीनी जरूरतों के अनुरूप बनाई जाएं।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत पेयजल, सड़क, विद्युत, स्वच्छता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत सर्वेक्षण कर जीआईएस आधारित योजनाएं तैयार की जाएंगी। इनमें अल्पकालीन, मध्यकालीन एवं दीर्घकालीन 2047 लक्ष्यों को शामिल किया जाएगा। इन योजनाओं के आधार पर जिले का लक्ष्य-आधारित मास्टर प्लान तैयार कर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया जाएगा। इससे पारदर्शिता एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सकेगी।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान की गतिविधियों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा अधिकतम जनभागीदारी को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम बेसलाइन डाटा संग्रहण कर, तत्पश्चात पोर्टल लाइव होने पर समस्त जानकारी का समय पर अपलोड किया जाए। साथ ही वार्ड स्तर पर डाटा एंट्री के लिए दल गठित कर कार्यों को गति प्रदान की जाए।
बैठक में स्वच्छता एवं सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर जोर देते हुए जिला कलक्टर ने घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा जिले की रैंकिंग में सुधार के लिए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। आगामी ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, नालों की समय रहते सफाई कर जलभराव की समस्या से बचाव के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में मार्च माह के अंत तक लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जाएं तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की जाए। उन्होंने संपर्क पोर्टल एवं अन्य ऑनलाइन सेवाओं के प्रभावी निस्तारण पर अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री देशल दान, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेंद्र कुमार मीणा, राजस्व अधिकारी श्रीमती नीलू गुर्जर सहित समस्त नगरीय निकायों के अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved