Post Views 01
March 24, 2026
राजगढ़ धाम पर धूमधाम से भरा लख्खी छठ मेला,आस्था का अद्भुत नजारा, अखण्ड ज्योति के दर्शन हेतु भक्तों में मची होड़
छठ मेले में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने भी लगाई धोक
अजमेर जिले के नसीराबाद उपखंड स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री मसाणिया भैरव धाम राजगढ़ में विशाल छठ मेला बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस दिव्य और भव्य मेले में देश-प्रदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा भैरवनाथ और माँ कालका के दर्शनों के लिए पहुंचे। मेला स्थल पर आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने कतारों में लगकर बाबा भैरवनाथ और मां कालिका के साथ सर्वधर्म मनोकामनापूर्ण स्तम्भ की विशेष परिक्रमा कर मन्नतें मांगी और अपनी बुराइयों और नशों का त्याग किया। पूरा धाम परिसर बाबा भैरव के जयकारों और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ् के नारों से गूंज उठा। देशभर से श्रद्धालु झंडों के साथ जुलूस के रूप में धाम पहुंचे। धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारम्भ शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, चम्पालाल महाराज, सोनादेवी बावरी आदि ने मन्दिर के शीर्ष पर ध्वजा चढ़ाकर मेले का आगाज किया। उसके बाद शिक्षामंत्री ने बाबा भैरवनाथ, माँ कालिका व अखण्ड ज्योत के दर्शन कर चम्पालाल महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस विशाल छठ मेले में कई प्रमुख राजनेताओं और विशिष्ट व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बाबा भैरवनाथ के चरणों में ढोक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। राजनेताओं का आगमन इस धार्मिक स्थल के प्रति व्यापक जन आस्था और महत्व को दर्शाता है।
शिक्षा मंत्री ने श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि राजगढ़ भैरव धाम वास्तव में चमत्कारी स्थल होने के साथ-साथ देश का अनूठा धार्मिक स्थल है क्योंकि यहां पर न तो दान, चन्दा, चढ़ावा, गुप्तदान चढ़ता है और ना ही फूल, माला या प्रसाद जो कि दूसरे धार्मिक स्थलों से बहुत भिन्न बात है। उन्होंने यह भी कहा कि नशा नाश का ही नहीं सर्वनाश का कारण है। नशे की प्रवृत्ति इन्सान को अपनी प्रतिष्ठा एवं शारीरिक क्षमता को तोडकर भिक्षुक बना देती है। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं को कहा कि आज हम सबको बाबा भैरव का आशीर्वाद लेकर चम्पालाल महाराज के पावन सान्ध्यि में इस छठ मेले के पावन पर्व पर अपने राजस्थान को पोलिथिन मुक्त बनाने एवं अपनी गऊमाता की सेवा एवं सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक गऊशाला में सहयोग करने की शपथ लेते हैं। जो भी भक्त सच्ची आस्था व विश्वास के साथ राजगढ़ धाम पर आते हैं उनकी मनोकामना बाबा भैरव पूरी करते हैं। मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि आज छठ मेले के पावन पर्व पर मुझे राजगढ़ धाम पर प्रथम बार आने का अवसर प्राप्त हुआ है। वास्तव में राजगढ़ धाम अलौकिक एवं सर्वधर्म शक्ति स्थल है जहां पर चम्पालाल महाराज निःस्वार्थ भाव से सामाजिक सरोकार के कार्य कर रहे हैं जो कि काबिले तारिफ है।
चम्पालाल महाराज द्वारा चक्की वाले बाबा के मंदिर पर उसके बाद बाबा भैरव मां कालिका के साथ प्राचीन मंदिर वीर तेजा जी महाराज की पूजा अर्चना करी। विशाल छठ मेले के अवसर पर प्रातः चम्पालाल महाराज के सान्ध्यि में हजारों श्रद्धालुओं ने चक्की वाले मंदिर से शोभायात्रा निकाली। छठ मेले पर चम्पालाल महाराज के करकमलो द्वारा ध्वजारोहण कर मेले का शुभारम्भ किया गया। जिला प्रशासन द्वारा चिकित्सा व्यवस्था व पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। शोभायात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के श्रीमुख से बाबा भैरव व माँ काली के घोष से राजगढ़ धाम गुजांयमान हो गया। माँ कालिका के मंदिर पहुँचे। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया व शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की गई। छठ मेले के पावन शुभअवसर पर एम.एल.डी. कन्या महाविद्यालय केकड़ी की छात्राओं ने बाबा भैरव व माँ कालिका के मनभावन भजनों की प्रस्तुति देकर आए हुए श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मेले में श्रद्धालुओ की एक लाख से अधिक भारी भीड़ ने बाबा भैरव, माँ कालिका, धाम पर चल रही अखण्ड़ ज्योति के दर्शन कर सर्वधर्म मनोकामना पूर्ण स्तम्भ की परिक्रमा कर विशेष चमत्कारी चिमटी प्राप्त की । श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा उस समय देखने को मिला जब मनोकामनापूर्ण स्तम्भ की परिक्रमा हेतु हजारों की संख्या मं भक्त पहुंचे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved