Post Views 11
March 23, 2026
उदयपुर | महावीर जयंती के अवसर पर कल देर रात उदयपुर में भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। शिल्पग्राम कैंपस के सामने स्थित विंडहैम ग्रैंड में आयोजित भक्ति संध्या में ऋषभ-संभव जैन की जोड़ी ने भजनों की मधुर प्रस्तुति से पूरे पांडाल को भक्तिमय कर दिया।
जैन सोशल ग्रुप इंटरनेशनल फेडरेशन, मेवाड़ रीजन और जैन सोशल ग्रुप प्लेटिनम के तत्वावधान में आयोजित “समत्व - द जैन म्यूजिक फेस्टिवल” में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भजनों की धुनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आए। कार्यक्रम की शुरुआत नवकार महामंत्र और णमो अरिहंताण, णमो सिद्धाणं के जाप से हुई। ऋषभ-संभव जैन ने ‘महावीरा महावीरा नमो नमो’ और ‘तुजसे मिलाने का रास्ता है महावीर’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरे पांडाल में भक्तिमय वातावरण बन गया। उपस्थित युवाओं और श्रद्धालुओं ने गीतों को गुनगुनाते हुए भाग लिया।
भक्ति संध्या में ‘भक्ति की है रात, दादा आज थाने आणो है’ भजन पर सभी उठकर गाने लगे और पूरी जगह आध्यात्मिक रंग में रंग गई। मेवाड़ रीजन के चेयरमैन अरुण मांडोत ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। आयोजन के दौरान अनुशासन और उत्साह का सुंदर समन्वय देखा गया, जिसने महावीर जयंती के उत्सव को यादगार बना दिया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved