Post Views 01
March 22, 2026
अजमेर शहर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पड़ाव स्थित लक्ष्मी मार्केट से एक होलसेल व्यापारी के गोदाम से तेल के पीपे चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। आरोपियों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गोदाम के ताले तोड़े और मोटरसाइकिल की मदद से तेल के पीपे चोरी कर ले गए।
क्लॉक टॉवर थाना पुलिस भीखा राम काला ने बताया कि पीड़ित गोदाम मालिक लेखराज ने क्लॉक टावर थाने में मामला दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चार बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए नजर आए। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजहर खान, सलीम खान और असराद खान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सलमान के कहने पर चोरी की थी, जो अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। आरोपियों के कब्जे से 23 तेल के पीपे बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 50 से 60 हजार रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved