Post Views 21
March 20, 2026
जयपुर। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और खाड़ी क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक तनाव का असर अब राजस्थान के पेट्रोल पंपों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल (ब्रांडेड फ्यूल) की कीमतों में ₹2 से ₹2.30 प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि नॉर्मल (रेगुलर) पेट्रोल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
राजस्थान में पहले से ही अन्य राज्यों की तुलना में फ्यूल पर वैट (VAT) अधिक है, जिसके कारण यहां मामूली बढ़ोतरी भी उपभोक्ताओं पर ज्यादा असर डालती है। डीलर्स के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में औसतन ₹2.09 प्रति लीटर की बढ़ोतरी देखी गई है। प्रमुख तेल कंपनियों के प्रीमियम ब्रांड—बीपीसीएल का ‘स्पीड’, एचपीसीएल का ‘पावर’ और आईओसीएल का ‘XP95’—अब महंगे हो गए हैं। जयपुर में जहां पहले प्रीमियम पेट्रोल की कीमत करीब ₹111.68 प्रति लीटर थी, वह अब बढ़कर ₹113.77 प्रति लीटर के पार पहुंच गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, खाड़ी देशों में जारी युद्ध और तनाव के कारण वैश्विक तेल सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिससे कच्चे तेल और एडिटिव्स की लागत बढ़ गई है। प्रीमियम पेट्रोल के निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाले एडिटिव्स का उपयोग होता है, जिसकी लागत अंतरराष्ट्रीय कीमतों के साथ तेजी से बढ़ती है। इसी वजह से तेल कंपनियों ने बढ़ी हुई लागत का भार उपभोक्ताओं पर डाल दिया है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved