Post Views 01
March 15, 2026
पुष्कर में विप्र फाउंडेशन का राष्ट्रीय अधिवेशन, BCIF शोध अभियान शुरू करने की घोषणा
तीर्थराज पुष्कर में आयोजित विप्र फाउंडेशन के 18वें राष्ट्रीय परिषद अधिवेशन में ब्राह्मण समाज की वैचारिक पहचान और ऐतिहासिक भूमिका को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने के लिए “ब्राह्मण सिविलाइज़ेशनल आइडेंटिटी फ्रेमवर्क (BCIF)” नामक राष्ट्रीय शोध अभियान शुरू करने की घोषणा की गई। इस पहल का उद्देश्य ब्राह्मण पहचान को केवल जन्म आधारित अवधारणा तक सीमित न रखते हुए उसे ज्ञान, नैतिकता, तप और समाज के प्रति दायित्व की परंपरा के रूप में स्थापित करना बताया गया।
संस्था के संस्थापक सुशील ओझा ने कहा कि यह शोध अभियान नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और ब्राह्मण समाज के ऐतिहासिक योगदान को समझने के लिए एक संतुलित वैचारिक आधार तैयार करेगा। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के आरक्षण को बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि वर्तमान व्यवस्था में कई जटिल शर्तों के कारण वास्तविक पात्रों तक इसका पूरा लाभ नहीं पहुंच पा रहा है। साथ ही उन्होंने प्रस्तावित UGC बिल का विरोध करते हुए सरकार से इसे वापस लेने की मांग की। अधिवेशन में वर्ष 2026 से 2028 के लिए 401 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। पाली मूल के मुंबई निवासी उद्योगपति सत्यनारायण श्रीमाली को सर्वसम्मति से संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया, जबकि पद्मभूषण पत्रकार झाबरमल्ल शर्मा के पौत्र सत्यनारायण शर्मा को पुनः मुख्य संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन महामंत्री डॉ. सीए सुनील शर्मा ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण और कठोर निर्णय लिए जा रहे हैं, जिनके सफल क्रियान्वयन के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। वहीं प्रमुख महामंत्री पवन पारीक ने संस्था के 20 सूत्रीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए शिक्षा, संस्कार और आर्थिक स्वावलंबन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अधिवेशन के दौरान “श्री परशुराम ज्ञानपीठ” और “स्टैच्यू ऑफ स्ट्रेंथ” जैसे प्रमुख प्रकल्पों को भी प्रतिनिधियों का जोरदार समर्थन मिला। उपस्थित लोगों ने खड़े होकर करतल ध्वनि से इन प्रस्तावों का समर्थन किया।कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी विशेष रूप से मौजूद रहे और समाज के साथ अपने जुड़ाव को दोहराया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीमाली ने सभी को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved