Post Views 01
March 7, 2026
डिजिटल तकनीक से पारदर्शी और सटीक होगी ’जनगणना-2027’, अधिकारी दायित्वों को पूरी गंभीरता से निभाएं- अतिरिक्त जिला कलक्टर
दो दिवसीय चार्ज एवं अति. चार्ज अधिकारीयों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न
मास्टर ट्रेनर्स ने सीएमएमएस पोर्टल और फील्ड कार्य की दी तकनीकी जानकारी
अजमेर, 7 मार्च। भारत की आगामी ’डिजिटल जनगणना-2027’ के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) को लेकर अजमेर प्रशासन की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में जिला परिषद सभागार में चार्ज एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों के लिए आयोजित दो-दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) एवं जिला जनगणना अधिकारी ज्योति ककवानी ने अधिकारियों को उनके पदीय दायित्वों का बोध कराते हुए इसे ’सर्वोच्च राष्ट्रीय एवं वैधानिक प्राथमिकता’ का कार्य बताया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 1881 से शुरू हुए जनगणना के ऎतिहासिक सफर में यह पहली पूर्णतः ’डिजिटल जनगणना’ होने जा रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि फील्ड कार्य और पोर्टल प्रबंधन के बीच बेहतरीन समन्वय होना चाहिए। प्रशासनिक मॉनिटरिंग में किसी भी स्तर पर कोताही या स्वेच्छाचारिता न हो। सटीक आंकड़े ही देश के विकास का मूल आधार हैं, इसलिए इस ’जीरो-एरर’ कार्य में शत-प्रतिशत शुद्धता बनाए रखें।
’माइक्रो-प्लानिंग’ और समयबद्धता पर दिया जोर
उन्होंने स्पष्ट किया कि एक मई से शुरू होने वाले फील्ड कार्य के लिए जमीनी स्तर पर अभी से ’माइक्रो-प्लानिंग’ सुनिश्चित की जाए। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति से लेकर उनके स्थानीय प्रशिक्षण तक का पूरा ब्लूप्रिंट पहले से तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा का सख्ती से पालन किया जाना अनिवार्य है।
गहन तकनीकी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र के दौरान राष्ट्रीय स्तर मास्टर ट्रेनर श्रीमती मेघा शर्मा एवं श्रीमती ज्योति मीणा द्वारा जिले के समस्त चार्ज एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों को अत्यंत बारीकी और गुणवत्ता के साथ तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। दोनों मास्टर ट्रेनर्स ने प्रोजेक्टर पर पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन और लाइव डेमो के माध्यम से ’सेंसस 2027’ की संपूर्ण कार्यप्रणाली, सीएमएमएस पोर्टल के संचालन और मकान सूचीकरण ब्लॉक के निर्माण की प्रक्रिया को बहुत ही सहजता से समझाया।
उन्होंने प्रशिक्षण के व्यावहारिक पहलुओं को स्पष्ट करते हुए, अधिकारियों के मन में उठ रहे हर एक सवाल, शंका और तकनीकी कन्फ्यूजन का मौके पर ही बिल्कुल सटीक समाधान किया, ताकि फील्ड का संपूर्ण कार्य बिना किसी त्रुटि (जीरो एरर) के पूर्ण हो सके।
सुदृढ़ फील्ड प्रबंधन, प्रशासनिक बारीकियों एवं अंतर्विभागीय समन्वय के निर्देश
प्रशिक्षण के दौरान उप जिला जनगणना अधिकारी (संयुक्त निदेशक) श्री फूल सिंह एवं सहायक निदेशक श्री अमृत लाल खटीक ने प्रशिक्षण में उपस्थित समस्त चार्ज अधिकारियों को फील्ड कार्य की प्रशासनिक बारीकियों एवं जनगणना कार्य निदेशालय से समय-समय पर प्राप्त होने वाले परिपत्रों के सम्बन्ध में जानकारी दी। विभिन्न विभागों के मध्य आपसी समन्वय स्थापित करने के महत्वपूर्ण निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों की व्यावहारिक शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया।
सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी विभागों के मध्य आपसी तालमेल पर जोर देते हुए डिजिटल जनगणना को सफल बनाने के लिए अधिकारियों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया और इस महाभियान की सफलता हेतु शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिले के समस्त चार्ज एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved