Post Views 01
February 15, 2026
राजस्व मण्डल के नए भवन के लिए 150 करोड़ की स्वीकृति पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी का अधिवक्ताओं ने जताया आभार
अजमेर, 15 फरवरी। राजस्थान सरकार द्वारा बजट वर्ष 2026–27 में राजस्व मण्डल के नवीन भवन के निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिए जाने के ऐतिहासिक निर्णय पर रविवार को विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के निवास पर राजस्थान रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने साफ़ा व माला पहनाकर आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने कहा कि राजस्व मण्डल प्रदेश की सर्वोच्च राजस्व न्यायिक संस्था है। ये वर्षों पुराने और जर्जर भवन में संचालित हो रहा था। इससे अधिवक्ताओं, कर्मचारियों तथा दूर-दराज से आने वाले वादकारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। इसके लिए अब 150 करोड़ रुपये के बजट आवंटन से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन का निर्माण संभव हो सकेगा।
अधिवक्ता संघों ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने राजस्व मण्डल के नवनिर्माण की आवश्यकता को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखते हुए निरंतर प्रयास किए। इसके सकारात्मक परिणामस्वरूप राज्य सरकार ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति प्रदान की।
नए प्रस्तावित भवन में आधुनिक न्यायालय कक्ष, अधिवक्ताओं के लिए सुविधाजनक चैंबर, डिजिटल रिकॉर्ड प्रणाली, पर्याप्त पार्किंग सुविधा तथा आमजन के लिए सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। इससे न्यायिक कार्यों की गुणवत्ता में वृद्धि होने के साथ प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण में भी सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर अधिवक्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने राजस्थान सरकार का भी आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की कि राजस्व मण्डल का नवनिर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर समयबद्ध रूप से पूर्ण होगा और यह संस्था भविष्य में एक आधुनिक, सक्षम एवं जनहितैषी न्यायिक केंद्र के रूप में प्रदेश की सेवा करेगी।
कार्यक्रम में अध्यक्ष श्री शंकर लाल जाट, सचिव श्री मनीष पांडे, श्री अशोक अग्रवाल, श्री सोहन पाल सिंह चौधरी, श्री शांति प्रकाश ओझा, श्री राजेंद्र प्रसाद शर्मा, श्री सुरेन्द्र कुमार शर्मा, श्री रामस्वरूप चौधरी, श्री राकेश अरोड़ा, अर्चना गौतम, उपाध्यक्ष श्री ईश्वर देवड़ा, श्री हरदत सहारण, कोषाध्यक्ष श्री नीरज मेहरा , श्री दिनेश चौधरी सहित अन्य अधिवक्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved