Post Views 101
February 2, 2026
अनिल वनवानी / उदयपुर | औपचारिक भाषणों से अलग हटकर जब मंत्री बाबूलाल खराड़ी मंच पर पहुंचे, तो माहौल ही बदल गया। माइक थामते ही वे लोकगीतों की सुर लहरियों में ऐसे डूबे कि पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा। कलाकारों के साथ सुर में सुर मिलाकर गाए गए गीतों ने झाड़ोल के आजाद मैदान को किसी लोक महोत्सव में बदल दिया।
उदयपुर जिले के झाड़ोल में आयोजित पांचवें जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह में मंत्री खराड़ी अपनों के बीच बिल्कुल अपने रंग में नजर आए। जैसे ही स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति शुरू की, मंत्री खुद को रोक नहीं पाए और मंच पर पहुंचकर गीतों में शामिल हो गए। उनकी इस सादगी भरी शैली ने लोगों का दिल जीत लिया।
समारोह में वर्ष 2023 से 2025 तक की बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर छात्र-छात्राओं सहित कुल 750 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इसमें शिक्षा के साथ-साथ खेल, चिकित्सा, सरकारी सेवा में चयनित युवा और पदोन्नत अधिकारी भी शामिल रहे।
झाड़ोल सीट से विधायक बाबूलाल खराड़ी ने क्षेत्र के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए शबरी आश्रम में लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उनका कहना था कि अब गांव के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। मंत्री खराड़ी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “यह तो सिर्फ शुरुआत है, आपको इससे भी ऊंचे मुकाम हासिल कर समाज और क्षेत्र का नाम रोशन करना है।”
बाबूलाल खराड़ी का जनता के बीच घुलना-मिलना कोई नई बात नहीं है। वे अक्सर लोकनृत्य करते, पारंपरिक वाद्य बजाते और कलाकारों के साथ मंच साझा करते नजर आते हैं। यही सादगी उन्हें आम लोगों के बीच खास बनाती है।
कार्यक्रम में बीजेपी नेता गुणवंत सिंह झाला, भंवर सिंह पंवार, पूर्व विधायक हीरालाल दरांगी, एसडीएम कपिल कोठारी आदि मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved