Post Views 91
January 31, 2026
उदयपुर | जिले में खेरोदा थाना पुलिस ने एनएच-48 पर वाना चौराहे के पास फिल्मी अंदाज में तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। नाकाबंदी के दौरान गुजरात नंबर की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर तस्करों ने गाड़ी को अचानक रॉन्ग साइड में मोड़ दिया और भागने लगे। हालात को भांपते हुए कांस्टेबल कुलदीप ने बहादुरी दिखाते हुए तुरंत सड़क पर ‘स्टॉप स्टिक’ यानी कीलों वाली पट्टी बिछा दी।
स्कॉर्पियो का अगला टायर मौके पर ही ब्लास्ट हो गया, इसके बावजूद तस्कर काफी दूर तक गाड़ी को घसीटते हुए ले गए। पुलिस टीम लगातार पीछा करती रही और आखिरकार वाहन को घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर स्कॉर्पियो छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पिछली सीटें हटाकर प्लास्टिक के 27 कट्टों में भरा 468 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 90 लाख रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही गाड़ी से 5 अलग-अलग नंबरों की फर्जी नंबर प्लेटें भी मिलीं, जिनका इस्तेमाल तस्कर अलग-अलग जिलों में पुलिस से बचने के लिए करते थे।
खेरोदा थानाधिकारी सुरेश विश्नोई ने बताया कि तस्करों का तरीका बेहद शातिराना था। रॉन्ग साइड में गाड़ी दौड़ाना, फर्जी नंबर प्लेट लगाना और सीटें निकालकर माल भरना उनके संगठित नेटवर्क की ओर इशारा करता है। पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस स्कॉर्पियो के चेचिस नंबर के आधार पर उसके असली मालिक का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच कानोड थानाधिकारी मुकेश चन्द को सौंपी गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved