Post Views 01
November 27, 2025
सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर यूनिटी मार्च के तहत शुरू हुई यमुना प्रवाह यात्रा
विद्यार्थी सम्पर्क संवाद कार्यक्रम का भी हुआ आयोजन
अजमेर, 27 नवम्बर। देश के पहले गृहमंत्री, लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर युवा मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा यूनिटी मार्च के तहत चार राज्यों राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश की संयुक्त यमुना प्रवाह यात्रा गुरूवार को अजमेर पहुंची। यह यात्रा राजस्थान में जयपुर से प्रारंभ होकर अजमेर होते हुए गुजरात के केवड़िया स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी पर संपन्न होगी। इस यात्रा के द्वारा युवाओं को सरदार पटेल के योगदान व राष्ट्र प्रेम के बारे में जागरूक किया जाएगा। यात्रा के अजमेर पहुंचने पर जेएलएन मेडिकल कॉलेज के डॉ. भीमराव अम्बेडकर साभागार में विद्यार्थी संपर्क संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश भडाणा व विधायक अनिता भदेल ने सरदार पटेल के बारे में अपने विचार व्यक्त किए।
सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती पर यमुना प्रवाह यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सरदार पटेल के जीवन व उनके द्वारा किए गए अमर कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सर्वप्रथम युवा शक्ति- राष्ट्र शक्ति का नारा लगाकर युवाओं का हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि यदि सरदार पटेल देश का नेतृत्व करते तो आज देश की तस्वीर अलग होती। देश के आजाद होने के बाद उनके त्याग व तपस्या को भुला दिया गया। पटेल ने देश की छोटी बड़ी कुल 562 रियासतों को मिलाकर एक अखण्ड भारत का रूप दिया और देश को एकता के सूत्र में बांधा। आज देश का सौभाग्य है कि 2014 से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं। आज हर क्षेत्र में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प देश को विश्व गुरू बनाना है। विद्वानों के मत के अनुसार 21 वीं सदी भारत की होगी। यह तभी संभव है जब हर युवा विकसित भारत का संकल्प लेकर अपने-अपने क्षेत्र में परिश्रम करें। उन्हाेंने कहा कि भारत विश्व गुरू सनातन संस्कृति के अनुसार बनना चाहिए। सनातन संस्कृति को जीवन का आधार मानकर कर्म करते रहना ही विकसित भारत के सपने का मूल मंत्र है। श्री देवनानी ने देश के लिए जीने व मरने के संकल्प को युवाओं के समक्ष रखा। युवाओं से राष्ट्रभक्ति की भावना को आत्मसाथ करने की अपील की।
केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने इस कार्यक्रम में सरदार पटेल के द्वारा किए गए अविस्मरणीय कार्यों के बारे में युवाओं को बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस यात्रा से युवाओं में एक नए जोश का संचार होगा। उन्होंने कहा कि आजादी से पहले अंग्रेजों की फूट डालो, राज करो की नीति के तहत भारत को विभिन्न हिस्सों में बांटा। इन विभिन्न हिस्सों को जोड़ने का कार्य लोह पुरूष सरदार पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि यदि सरदार पटेल पहले प्रधानमंत्री होते तो आज देश का नक्शा कुछ और ही होता। हमारा देश युवाओं का देश हैं। युवा इस राष्ट्र की धुरी है। किसी भी देश का भविष्य युवाओं के हाथों से तय होता है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से देश को मजबूत बनाने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
विधायक अनिता भदेल ने कहा कि आजादी के बाद तत्कालिन सरकारों ने लोह पुरूष सरदार पटेल के कार्यों को भूला दिया। उन्होंने कहा कि जब अंग्रेजों ने देश छोड़ा तब देश बहुत सी रियासतों में बंटा हुआ था। इन रियासतों को जोड़ने का काम लोह पुरूष पटेल ने किया। सरदार पटेल ने देश के एकीकरण का अविस्मरणीय कार्य किया। पहले देश को धर्म व जाति के आधार पर बांटा गया। आज देश की कमान सुरक्षित हाथों में है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इस देश को विकसित राष्ट्र बनाने की सोच से काम कर रहे हैं। इस यात्रा से युवा एकता व अखण्डता का संदश लेकर जाएंगे।
देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश भडाणा ने संकल्प पत्र पढ़कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनने व देश के विकास में योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए हजारों लोगों ने योगदान दिया। उनके योगदान को कभी भूलना नहीं चाहिए। सरदार पटेल ने एक भारत बनाने का काम किया। इसे श्रेष्ठ भारत बनाने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अनवरत कर रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों को स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने की अपील की। देश के आत्मनिर्भर बनने से ही विकसित भारत के पथ पर आगे बढ़ेंगे। यह यात्रा एक अच्छा संदेश देगी।
भाजपा शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने एक राष्ट्र शिल्पी के रूप में काम किया तथा पूरे विभाजित भारत को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। नए भारत को स्वरूप देने वाले पटेल की 150 वीं जयंती पर आज यमुना प्रवाह यात्रा अखण्ड भारत का दर्शन कराएगी।
यमुना प्रवाह यात्रा के कोर्डिनेटर श्री विनित त्यागी ने इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं को बताया। उन्होंने कहा कि यदि सरदार पटेल नहीं होते तो आज देश कई भागों में बंटा होता। सरदार पटेल ने अभूतपूर्व कार्य करके 562 रियासतों को एक सूत्र में बांधा। उन्होंने युवाओं को राजनीति से उपर उठकर देशहित में काम करने की अपील की। युवा शक्ति के पास वह ऊर्जा व बल है जो देश को एक विकसित राष्ट्र बना सके। इस कार्यक्रम में वैष्णवी पारीक ने शिव तांडव का भजन गाकर सबका मन मोह लिया। बालिका वेदिका राठौड़ ने आँखों पर पट्टी बांधकर महापुरूषों, रंग व नोट को पहचान कर अपनी कला दिखाई।
इस अवसर पर नगर निगम के उप महापौर श्री नीरज जैन, सुरेन्द्र सिंह शेखावत, भवानी सिंह जैदिया, दीपक शर्मा, रजनीकांत, कपिल सांखला, नगर निगम के पार्षद तथा यात्रा में भाग लेने वाले युवा उपस्थित थे। मंच संचालन रचित कच्छावा ने किया।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved