Post Views 61
September 18, 2025
उदयपुर। संभाग के चित्तौड़गढ़ में प्रतापनगर क्षेत्र स्थित अक्षर हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान 60 वर्षीय महिला खातून बाई की मौत हो गई। महिला को कंधे से पुरानी प्लेट निकलवाने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान अचानक हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर करने की बात कही। जब परिजन ऑपरेशन थिएटर पहुंचे, तो महिला बेहोश अवस्था में मिली। बाद में डॉक्टर पुरुषोत्तम मीणा ने बताया कि महिला की मौत हार्ट अटैक से हुई है। सूचना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई अमर सिंह और हिम्मत सिंह ने स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर अंजुमन सदर मोहम्मद इकबाल, एडवोकेट आरिफ अली और समाजसेवी रशीद अब्बासी भी पहुंचे। वार्ता के बाद परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी। इसके बाद मृतका का शव एंबुलेंस से गांव भेजा गया।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved