Post Views 61
March 31, 2025
चांद दिखने के ऐलान के बाद देश सहित अजमेर में मनाया गया ईद उल फितर का पर्व, मुस्लिम समाज के लोगों ने अदा की ईद की नमाज,
गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी पेश की ईद की मुबारकबाद
रविवार को चांद दिखने के साथ ईद का ऐलान कर किया गया, जिसके बाद सोमवार को देश सहित अजमेर में ईदुल-फितर पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। दरगाह में नमाज होने के बाद केसरगंज ईदगाह में सुबह 9 बजे मुस्लिम समाज के बच्चे, युवा और बुजुर्ग इकट्ठा हुए और नमाज अदा की गई। केसरगंज ईदगाह में ईद की नमाज के दौरान संभागीय आयुक्त, आईजी सहित प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न धर्मों के लोगों के साथ ही राजनीतिक पार्टियों से जुड़े नेता भी पहुंचे और सभी को ईद की मुबारकबाद पेश की।
रमजान के समापन की खुशी में सोमवार को मुस्लिम समुदाय ने ईद मनाई। अजमेर में सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह स्थित शाहजहानी मस्जिद, केसरगंज स्थित ईदगाह और नौसर स्थित ईदगाह सहित विभिन्न मसाजिदो में नमाज अदा की गई। ईद की नमाज में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। इस मौके पर ख्वाजा साहब की दरगाह में जन्नती दरवाजा भी खोला गया। बड़ी संख्या में जायरीन जियारत के लिए पहुंचे और दुआ की। मुख्य नमाज केसरगंज स्थित ईदगाह में हुई। शहर काजी मौलाना तौसिफ अहमद सिद्दीकी ने नमाज अदा कराई। ईदगाह परिसर नमाजियों से भरा हुआ था। इसके बाद ईदगाह के बाहर भी गोल चक्कर के आसपास बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद नज़र आए। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इससे पूर्व ख्वाजा साहब की दरगाह में स्थित शाहजहानी मस्जिद में ईद की नमाज अदा की गई। दरगाह परिसर भी नमाजियों से पूरा भरा हुआ था। दरगाह स्थित संदल खाना मस्जिद में भी ईद की नमाज हुई। कलेक्ट्रेट के पास स्थित मस्जिद मुए मुबारक और रेलवे स्टेशन के सामने क्लॉक टावर मस्जिद में भी ईद की नमाज अदा की गई।
अजमेर। पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने आज केसरगंज ईदगाह पर मुस्लिम भाइयों के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि ईद का पर्व आपसी सौहार्द, प्रेम व भाईचारे का संदेश देता है। ईद पर मेरी यही दुआ है कि देश में अमन चैन व आपसी भाईचारा कायम रहे और देश प्रगति की राह पर चलता रहे। राठौड़ ने दरगाह दीवान के उत्तराधिकारी सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती व शहर काजी तोसिफ अमजद सिद्दीकी को भी ईद की मुबारक बाद दी। इस मौके पर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, प्रदेश सचिव डॉक्टर सुनील लारा, पूर्व प्रदेश सचिव महेंद्र सिंह रलावता, शहर अध्यक्ष विजय जैन, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी कोली, पार्षद नोरत गुर्जर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष हितेश्वरी टाक ब्लॉक अध्यक्ष वाहिद मोहम्मद, लक्ष्मी धोलखडिया, पार्षद सर्वेश पारीक, मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह राठौड़, अरविंद धोलखड़िया, सुमित मित्तल, हरिप्रसाद जाटव, विश्वेश पारीक, निर्मल पारीक आदि मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved