Post Views 431
May 29, 2024
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कुशासन और कांग्रेस की भ्रष्टाचार की राजनीति ने पंजाब में ड्रग्स माफिया को पनपाने, अशांति पैदा करने और युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का महापाप किया है।
मुख्यमंत्री शर्मा मंगलवार को पंजाब के जालंधर में भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू के समर्थन में आयोजित राजस्थानी प्रवासी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान अरविन्द केजरीवाल कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राजनीति में आये थे। मगर खुद तो भ्रष्टाचार में डूब ही गये, साथ ही कांग्रेस से भी हाथ मिला लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली में तो मिलकर चुनाव लड़ रहे है जबकि हरियाणा और पंजाब में नूरा-कुश्ती कर रहे है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मोदी जी के 10 वर्षों के कार्यकाल में गरीब कल्याण, सीमा-सुरक्षा, आर्थिक विकास और देश को आतंकवाद एवं नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में परिवर्तनकारी निर्णय लिए गए हैं। आतंकवाद की ऐसी कमर तोड़ी गई है कि सभी आतंकवादी भूमिगत हो गए हैं। जबकि वर्ष 2014 से पहले आतंकवादी घटनाएं आम बात थी। रेलवे स्टेशन हो या बस स्टेण्ड, हर जगह बम विस्फोट होते थे।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने देश को भ्रष्टाचार का दंश और परिवारवाद का अभिशाप दिया है। कांग्रेस की सरकारों ने गरीब और किसानों को लूटने का काम किया है। लेकिन आज गरीब का पैसा गरीब के पास पूरी ईमानदारी से पहुंच रहा है। पीएम मोदी ने सभी गरीबों के खातें खुलवाये हैं जो पहले बैंक की चौखट पर जाने की सोच भी नहीं सकते थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को पुर्नस्थापित करने का अभूतपूर्व काम किया है। करतारपुरा कॉरिडोर, बाबा विश्वनाथ, सोमनाथ, केदारनाथ व बद्रीनाथ मंदिर के विकास कार्य और अयोध्या में राममंदिर के निर्माण से भारतीय संस्कृति का गौरव विश्वभर में फैला है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि देश के सभी हिस्सों में रहने वाले प्रवासी राजस्थानियों की बदौलत भाजपा इस बार चार सौ का आंकड़ा पार करेगी और मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि गुरूओं की भूमि पंजाब की प्रगति में राजस्थानियों का अहम योगदान हैं। ये लोग कई पीढ़ियों पहले राजस्थान से पंजाब आए और आज पंजाब में हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित प्रवासी राजस्थानियों से भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved