Post Views 401
September 27, 2023
राष्ट्रीय स्मार्ट सिटी अवार्ड 2022: राज्य रैंकिंग अवार्ड में राजस्थान ओर उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर इंदौर में इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव में महामहिम राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
अजमेर 27 सितंबर। इंदौर में इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव में राज्य रैंकिंग अवार्ड में राजस्थान और उत्तर प्रदेश को तीसरा स्थान मिला है। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मूर्मू ने सम्मानित किया। इंदौर में स्मार्ट सिटी कन्वेंशन में विभिन्न कैटेगरी में अवॉर्ड दिए गए। इनमें बेस्ट सिटी, बेस्ट स्मार्ट सिटी, बेस्ट स्टेट, बेस्ट प्रोजेक्ट्स, एरिया डेवलपमेंट प्रोजेक्ट, इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स में सबसे अच्छा काम करने वाले शहरों को पुरस्कार दिया गया। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से 26 और 27 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में ‘इंडिया स्मार्ट सिटीज कान्क्लेव 2023’ का आयोजन किया गया। चंडीगढ़ ने केंद्र शासित प्रदेशों में पहला स्थान हासिल किया है। सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में मध्यप्रदेश पहले, तमिलनाडु दूसरे और राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। कॉन्क्लेव में सभी 100 स्मार्ट शहरों की भागीदारी देखी गई, जो शहरी नवाचार में आगे रहे हैं। सम्मान समारोह में मध्य प्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगु भाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, आवासन ओर शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी सहित केंद्रीय मंत्री ओर अजमेर स्मार्ट सिटी के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सुशील कुमार एवं स्मार्ट सिटी मिशन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
परियोजनाओं को प्रदर्शित करती प्रदर्शनी
इंदौर में इंडिया स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव में आइएसएसी - 2022 के तहत परियोजनाओं को प्रदर्शित करने वाली प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। अजमेर स्मार्ट सिटी ने भी इस प्रदर्शनी में हिस्सा लिया। 26 सितंबर को इंदौर तथा उज्जैन में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत कार्यान्वित परियोजनाओं का स्थल दौरा किया गया।
डेलीगेट्स ने कचरा प्रबंधन प्रक्रिया को समझा
कॉन्क्लेव में डेलीगेट्स ने इंदौर स्मार्ट सिटी के विभिन्न प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इस मौके पर नेप्रा प्लांट, स्वच्छता की परी गार्डन ओर बायो सीएनजी प्लांट का कार्यप्रणाली को जाना। साथ ही डेलीगेट्स को कबीटखेड़ी स्थित बायोमिथेनेशन प्लांट ओर छप्पन दुकान का दौरा भी करवाया गया। छप्पन दुकान पर स्मार्ट स्ट्रीट फूड हब में पेयजल से लेकर बैठक व्यवस्था, कचरा संग्रहण की सुविधा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
स्मार्ट सिटी मिशन… एक नजर …
केंद्र सरकार ने 25 जून 2015 को ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ को लॉन्च किया था। इसका लक्ष्य नागरिकों को शहरों में जरूरी ढांचा, साफ-सुथरा और टिकाऊ वातावरण, क्वालिटी लाइफ प्रदान करना है। देश में शहरी विकास की कार्यप्रणाली में बदलावा लाने को लेकर इस परियोजना के तहत 100 शहरों को शामिल किया गया।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved