Post Views 111
January 14, 2023
मकर सक्रांति के अवसर पर एक और जहां पुष्कर सरोवर और जगतपिता ब्रह्मा मंदिर पर श्रद्धालुओं का ताता लगा है। तो वहीं कस्बे के छतों पर स्थानीय और विदेशी लोग पतंगबाजी में मशगूल है।
शास्त्रो के अनुसार मकर सक्रांति से सूर्य उत्तरायण में आ जाते है और इसके साथ ही एक माह से चल रहे मल मास का समापन और शुभ कार्य की शुरुआत भी हो जाती है । सूर्य उत्तरायण होने पर धार्मिक स्थलो में जमकर दान पूण्य होता है । तीर्थ नगरी पुष्कर में श्रद्धालुओं ने गायो को चारा खिलाकर धर्म लाभ प्राप्त किया । मान्यताओ के अनुसार मकर संक्रांति के दिन तिल , तेल गुड़ , शक्कर सहित अन्य खाने और पहनने की चीजो के दान का बहुत महत्व है इन्ही मान्यताओ के चलते लोगो ने तिल के लड्डू , तिलपट्टी सहित अन्य वस्तुओ का दान किया । व्यापारियो की और से भी जगह - जगह स्टालें लगाकर पौष बड़े के रूप लोगो को प्रसाद वितरित किया गया ।
पुष्कर में भी मकर संक्रांति के अवसर पर शनिवार को लोगो ने पुष्कर सरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर गरीबो और गायो को दानपुण्य किया । इस दौरान सरोवर पर देश भर से आए श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के निमित्त श्राद्ध तर्पण भी किया। मकर सक्रांति के विशेष अवसर पर उपनयन संस्कार का विशेष महत्व है। जिसके चलते श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों उपनयन संस्कार पुष्कर सरोवर के घाटों पर करवाया। श्रदालुओ ने सरोवर पूजा -अर्चना कर मंदिरो के दर्शन भी किये ।
मकर सक्रांति के अवसर पर धर्मराज जी का पूजन उद्यापन हवन पूजन दान पुण्य का विशेष महत्व रहता है । ऐसी मान्यता है कि वर्ष में एक बार इस विशेष पूजा से मनुष्य कर्म बंधन से मुक्त होकर मोक्ष प्राप्ति को अग्रसर होता है । इसी के चलते तीर्थ नगरी पुष्कर स्थित प्राचीन वराह मंदिर स्थित धर्मराज मंदिर मे प्रदेश भर की ग्रामीण अंचल की महिलाओं ने पूजा अर्चना की । इस दिन सरसो का तेल और राई धर्मराज भगवान को अर्पित करने का विशेष महत्व धर्म ग्रंथो में वर्णित है ।साथ ही सुहागन स्त्रियां अपने पति के दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना के लिए 13 वस्तुओं का दान करके भगवान सूर्य का पूजन करती है ।
मकर संक्रांति के अवसर पर स्थानीय लोगो सहित सात समुन्दर पार से आये विदेशी मेहमानों में पतंगबाजी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया । कस्बे की कई होटलों पर घरो की छतों पर स्थानीय लोगो के साथ विदेशी पर्यटको ने भी पतंगबाजी का जमकर लुफ्त उठाया । गगन छूती रंग-बिरंगी पतंगों को देख विदेशी मेहमान अभिभूत हो उठे कुछ विदेशियों ने तो इस मौके को पाकर -अपने आप को काफी भाग्यशाली समझा वही कुछ विदेशी होटल की छतों पर बज रहे हिंदी गानों की धुनों पर थिरकते नजर आये । विदेशियों ने इस त्यौहार का भरपूर लुफ्त उठाया । हर कोई अपनी -अपनी छतों से पतंगबाजी के मजे ले रहा था तो महिलाए ओर बच्चे भी इस का लुफ्त उठाने में पीछे नहीं रहे
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved