Post Views 41
November 11, 2022
राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य राहुल महाराज ने सफाई कर्मचारियों के अभाव अभियोग सुनेे। इसके पश्चात सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के सम्बन्ध में जिला प्रशासन के साथ बैठक ली।
राहुल महाराज ने कहा कि सफाई कर्मियों की समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार गंभीर है। इस सम्बन्ध में राज्य सफाई कर्मचारी आयोग द्वारा विभिन्न जिलों में बैठके ली जा रही है। क्षेत्र से मिली सूचनाओं से राज्य सरकार को अवगत कराया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा नियुक्त समस्त सफाई कर्मियों को उनके मूल पद स्थापन स्थान पर ही कार्य करवाना चाहिए। कार्मिकों का अन्य कार्य के लिए उपयोग एवं डेप्यूटेशन सफाई व्यवस्था को प्रभावित करता है। इससे बचा जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मियों को भी उनके मूल अधिकार मिलने आवश्यक है। ठेका कर्मियों को न्यूनतम मजदूरी दी जाए। काम करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रिकॉर्ड संधारित होना चाहिए। मासिक पारिश्रमिक कार्मिक के बैंक खाते में ही जमा होना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ-साथ प्रावधायी निधि भी काटी जाए। ठेका कर्मियों के प्रावधायी निधि जमा होने की जानकरी श्रम आयुक्त द्वारा जांच करके दी जाएगी। महिला सफाई कर्मियों के प्रति मानवीय दृष्टीकोण अपनाते हुए घर के पास ही सफाई की सुविधा प्रदान की जाए। ठेकेदार द्वारा सफाई कर्मियों को परिचय पत्र भी जारी करने चाहिए। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से लाभान्वित करने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन करना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में सफाई कर्मियों के रिक्त पदों को भरने के लिए प्रस्ताव सरकार के पास भेजा जाए। पूर्व में की गई भर्तियों के सम्बन्ध में चर्चा की गई। कार्मिकों के दस्तावेजों के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर कैलाश चन्द्र शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक प्रफुल्ल चन्द्र चौबीसा, नगर निगम उपायुक्त श्रीमती सीता वर्मा, अध्यक्ष सुरज सिंह, वाल्मिकी सभा के महासचिव बुद्धन लाल, सचिव मुकेश चंद, उपाध्यक्ष विजय दंजा सहित अधिकारी एवं सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved