Post Views 21
August 30, 2022
श्रीगंगानगर के घड़साना बार संघ के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट विजय सिंह झोरड़ द्वारा सोमवार को खुदकुशी कर ली गई। झोरड़ के परिजनों ने घड़साना थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों पर मारपीट कर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। वहीं पूर्व बार अध्यक्ष द्वारा की गई खुदकुशी की घटना से पूरे प्रदेश के वकीलों में आक्रोश व्याप्त हो गया और समस्त जिला बार संघ ने मीटिंग कर न्यायिक कार्य स्थगित करने का निर्णय लिया। अजमेर जिला बार अध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़ ने बताया कि आज और कल कोई भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य नहीं करेगा। फिलहाल जोधपुर हाईकोर्ट में बार संघ की आवश्यक मीटिंग चल रही है जिसमें लिए गए निर्णय के अनुसार अग्रिम रणनीति बनाई जाएगी। गौरतलब है कि झोरड़ ने 31 मार्च से नशे पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर जन जागृति अभियान शुरू किया था जिसकी वजह से पुलिस की मंथली बंद हो गई थी और पुलिस उनसे द्वेषता रख रही थी। 18 अप्रैल को पुलिस झोरड़ को थाने ले गई जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई थी। उनके द्वारा छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था जिसके बाद पुलिस उन पर समझौते का दबाव बना रही थी और उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। जिस से दुखी होकर उन्होंने खुदकुशी कर ली। घड़साना बार संघ ने मृतक के परिजनों को एक करोड़ की आर्थिक सहायता और मृतक आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार कर रखा है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved