Post Views 71
August 20, 2022
भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी को जन्मे कान्हा
धरती पर चहुँ ओर मनाई गई श्री कृष्ण जन्माष्टमी की खुशियां
भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी की रात 12 बजे पूरी धरती भगवान श्री कृष्ण के जन्म उत्सव के साथ कृष्णमयी हो उठी। हर तरफ एक ही शोर नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की से गुंजायमान हो गया।पिछले 2 साल कोरोना की वजह से श्री कृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव नहीं मनाया जा सका लेकिन इस बार भगवान श्री कृष्ण की कृपा से सारी धरती पर खुशियां ही खुशियां बरसी और हर तरफ कान्हा के जन्मदिन को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अजमेर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नगर निगम की ओर से आनासागर चौपाटी स्थित रामप्रसाद घाट पर पहली दफा भव्य झांकियों का मंचन किया गया। जहां विभिन्न संस्थाओं व निगम के पार्षदों की ओर से लगभग 23 झांकियों का मंचन किया गया। इस मौके पर दिल्ली और वृंदावन से खास तौर पर बुलाई गई राधा कृष्ण रास मंडली ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। शहरवासी, पार्षद, जनप्रतिनिधि, महिलाएं बड़ी संख्या में रास करते हुए नजर आए। इस मौके पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा सजाई गई राधा कृष्ण की झांकी से मुख्य अतिथि सांसद भागीरथ चौधरी, पुलिस महानिरीक्षक रुपेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट, जिला कलेक्टर अंशदीप महापौर बृजलता हाड़ा, उपमहापौर नीरज जैन आदि ने दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया तो वहीं नगर निगम परिवार की ओर से समस्त अतिथियों का बुके देकर व दुपट्टा ओढ़ा कर स्वागत सम्मान किया गया। आनासागर चौपाटी के रामप्रसाद घाट पर नगर निगम द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर शहर वासियों को एक से बढ़कर एक झांकियां दिखाने के लिए बहुत ही भव्य आयोजन किया गया था। जहां सुरक्षा की दृष्टि से आना सागर झील किनारे एनडीआरएफ और गोताखोर तैनात रहे तो वही जिला पुलिस का जाब्ता भी चप्पे-चप्पे पर मौजूद रहा। शहरवासी सुगम तरीके से झांकियों का अवलोकन कर सकें लिहाजा पार्किंग व्यवस्था भी अलग-अलग जगह मुहैया कराई गई थी। सभी पैदल चलकर झांकियों को देखते हुए महारास आनंद ले रहे थे। इस मौके पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा पत्तों पर भगवान श्री कृष्ण, रास करते श्री राधा कृष्ण, कृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाना, कृष्ण की बाल लीलाओं का चित्रण किया गया। नगर निगम द्वारा मयूर श्री राधा कृष्ण, शिवम सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा राधा कृष्ण नृत्य गोपियों संग रास, विप्र फाउंडेशन द्वारा राधाकृष्ण व कंस, नगर निगम द्वारा सुदामा कृष्ण, लक्ष्मी बुंदेल द्वारा कृष्ण ग्वालों के साथ माखन खाते हुए, कश्यप समाज द्वारा भारत माता और राधा कृष्ण की झांकियां सजाई गई। इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं के द्वारा भी मनोरम झांकियां सजाई गई जिन्हें देखने बड़ी संख्या में शहरवासी देर रात तक आना सागर रामप्रसाद घाट पर मौजूद रहे। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर हर साल की भांति इस साल भी इस्कॉन की ओर से मेरवाड़ा स्टेट पर श्री कृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस्कॉन के अजमेर प्रभारी प्रमुख चैतन्य चरण दास प्रभु द्वारा शाम 7:00 बजे आरती के पश्चात भगवान श्री कृष्ण का अभिषेक किया गया। रात 12:00 बजे जन्म आरती की गई। इस दौरान कृष्ण लीलाओं पर आधारित लघु नाटिका नृत्य और भजनों की प्रस्तुति से माहौल कृष्णमयी हो गया। कृष्ण भक्त और राधा प्रेमी बड़ी संख्या में उन्हीं का रूप धारण करके आयोजन में शामिल हुए और नृत्य करते हुए अपने प्रतिभाओं को प्रदर्शित किया। सुभाष उद्यान मेरवाड़ा एस्टेट के नीचे ओमेश्वर महादेव मंदिर समिति द्वारा भव्य कृष्ण जन्माष्टमी की झांकी मंचित की गई। जिसमें गोवर्धन पर्वत पर अतिवृष्टि का दृश्य बखूबी दर्शाया गया। तो वही राधा कृष्ण के सजीव रूप धारण किए चरित्र ने सभी का मन मोह लिया। समिति के सचिव मुकेश शर्मा ने बताया कि हर साल ओमेंश्वर महादेव मंदिर समिति अलग-अलग तरह के आयोजन कर जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाती है। इस बार भी अनूठी और भव्य झांकी सजाई गई है जिसे बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इसके अलावा बजरंगढ़ चौराहा स्थित अंबे मंदिर पर भी भव्य सजावट के साथ मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्री कृष्ण भगवान से संबंधित झांकी का मंचन किया गया जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग अंबे माता मंदिर पहुंचे। इसके अलावा चलकारी नगर स्थित शंकर सिंह भाटी के निवास स्थान पर जन्माष्टमी की विधिवत पूजा अर्चना की गई। फॉय सागर रोड बड़ी नागफणी सर्वेश्वर महादेव मंदिर ,अलवर गेट स्थित चंद्रेश्वर महादेव मंदिर, केसर गंज सब्जी मंडी स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर, उसरी गेट सोनी मोहल्ला में भी बच्चों ने राधा कृष्ण के रूप धर कर भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव का आनंद लिया। भजन मंडलियों ने आकर्षक भजनों की प्रस्तुति देकर भगवान श्री कृष्ण को रिझाया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved