Post Views 11
August 5, 2022
अरावली पर्वतमाला की गोद और रेतीले धोरों के बीच बन रहे नेशनल सैंड आर्ट पार्क का विधिवत उद्घाटन 8 अगस्त को राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ करेंगे। मशहूर सैंड आर्टिस्ट अजय रावत ने बताया कि राज्य सरकार ने रेत कला को बढ़ावा देने के लिए पुष्कर में प्रदेश का पहला सैंड आर्ट पार्क बनाने की घोषणा की। इस संबंध में अजमेर विकास प्राधिकरण ने सावित्री पहाड़ी की तलहटी में स्थान चिह्नित कर जमीन आवंटित की है। जंहा बालू रेत की विशालकाय आकृतियां आकर्षण का केंद्र बनेंगी। रावत ने बताया कि 8 अगस्त को शाम 4 बजे आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम को भव्यता देने के लिए उनकी टीम द्वारा करीब 1 बीघा भूमि पर 2 विशाल व 5 बड़ी-छोटी सहित कुल 7 बालू रेत की कलाकृतियां बनाई जा रही है। बारिश के मौसम को देखते हुए इनमें से कुछ कलाकृतियां वाटर प्रूफ बनाई जा रही ताकि बारिश होने पर भी कलाकृतियां सुरक्षित रहे। रावत ने बताया कि मुख्य कलाकृतियों में पुष्कर के अरावली पहाड़, मोर सहित यहां की प्रकृति को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा हॉलीवुड मूवी किंग कोंग सीन का स्ट्रेक्चर तथा राजस्थानी नृत्य करती कालबेलिया युवती का श्रृंगार सहित नृत्य मुद्राएं दर्शाई जाएगी। रावत ने बताया कि प्रति 7 दिवस के बाद सभी कलाकृतियों का परिवर्तन किया जाएगा तथा आमजन यहां पर निशुल्क प्रवेश कर कलाकृतियों का देख सकते है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved