Post Views 11
August 4, 2022
राजस्थान सरकार द्वारा प्रदेश में 2 साल बाद छात्रसंघ चुनावों की घोषणा कर दी गई। 26 अगस्त को होने वाले छात्र संघ चुनाव को लेकर जहां एक और विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव की तिथि को सितंबर माह तक बढ़ाने की मांग को लेकर छात्र नेता प्रदर्शन कर रहे हैं तो वही सत्तारूढ़ कांग्रेस के छात्र संघ एनएसयूआई के राष्ट्रीय नेता चुनावी चौसर को बिठाने के लिए प्रदेश में सक्रिय हो गए हैं। गुरुवार को एनएसयूआई छात्र संगठन के राजस्थान प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव गुरजोत संधू अजमेर पहुंचे और राजकीय महाविद्यालय के पास एक होटल में अजमेर जिले के एनएसयूआई छात्र संघ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उनके साथ चुनावी रणनीति को लेकर रायशुमारी की। मीडिया से बात करते हुए गुरजोत संधू ने बताया कि एनएसयूआई छात्र संगठन देशभर के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्रों का एक विशाल संगठन है। जिसके द्वारा कोरोना काल में कई अनुकरणीय कार्य किए गए। जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई गई। वही एनएसयूआई छात्र संगठन वर्तमान में छात्रों के भविष्य के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा लाई गई अग्निपथ योजना के खिलाफ भी उग्र रूप से विरोध प्रदर्शित कर रहा है। राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर निकर लेकर प्रदर्शन किया गया। जिसके बाद एनएसयूआई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा 307 के मुकदमे दर्ज किए गए। ऐसे में केंद्र सरकार असंवैधानिक तरीके से लोकतंत्र का हनन करते हुए ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस के नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। जिसके खिलाफ एनएसयूआई लगातार प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि 26 अगस्त को होने वाले चुनाव में देशभर के छात्र इस दमनकारी सरकार के खिलाफ एकजुट होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 22 अगस्त को नॉमिनेशन भरना है इससे पूर्व 18 अगस्त को स्नातक का रिजल्ट घोषित हो जाएगा फिर भी छात्रों द्वारा तिथि आगे बढ़ाने की मांग से वे अपने शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा कर इस बारे में कोई निर्णय लेने के लिए कहेंगे, निर्णय प्रदेश सरकार को करना है। बैठक को एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौधरी, जिला अध्यक्ष अब्दुल फरहान खान सहित अन्य छात्र नेताओं ने भी संबोधित किया। जिलाध्यक्ष अब्दुल फरहान ने बताया कि एनएसयूआई समर्पित छात्र-छात्राओं के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का कार्य किया गया है। छात्रसंघ चुनावों के लिए दावेदार प्रत्याशियों के लिए पैनल तैयार किया जा रहा है। जिसका निर्णय प्रदेश नेतृत्व के द्वारा किया जाएगा और लिस्ट भी प्रदेश से ही जारी होगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र एनएसयूआई से जुड़ने और एनएसयूआई के विभिन्न छात्र संघ पदों पर दावेदारी के लिए आगे आ रहे हैं। एनएसयूआई से जुड़ने को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved