Post Views 51
July 25, 2022
15 अगस्त स्वाधीनता दिवस समारोह का आयोजन इस साल पहली मर्तबा पटेल मैदान में ना होकर पुलिस लाइन मैदान पर किया जाएगा। जिसके लिए जिला कलेक्टर अंशदीप की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक के दौरान कलेक्टर ने पुलिस लाइन मैदान पर स्वाधीनता दिवस समारोह की व्यवस्था व तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि पटेल मैदान में स्मार्ट सिटी के तहत किए जा रहे विकास कार्यों को मद्देनजर रखते हुए स्वाधीनता दिवस समारोह का आयोजन पहली बार पुलिस लाइन मैदान पर किया जाएगा। जिसके लिए वहां झंडारोहण, पीटी, परेड, आगंतुक अतिथियों ओर शहरवासियों के बैठने और बारिश के मौसम को देखते हुए माकूल बंदोबस्त करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रदान किए गए हैं। साथ ही स्वाधीनता दिवस से पूर्व जनप्रतिनिधियों, अतिथियों, को निमंत्रण पत्र, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और अल्पाहार की व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इसके साथ साथ केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा आजादी के 75 वें अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा आयोजन को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए । इस साल 13 से 15 अगस्त 3 दिनों तक हर घर तिरंगा हर संस्थान हर प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने के लिए जिला प्रशासन से तिरंगे लिये जा सकते हैं। इसके लिए राष्ट्रीय ध्वज प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपील की है कि इस बार अपने घर, प्रतिष्ठान और संस्थान पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा जरूर फहराएं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved