Post Views 11
July 13, 2022
प्रशासन शहरों के संग अभियान को लेकर बुधवार को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कार्यालय स्थित रीट सभागार में आयोजित कार्यशाला में नगरीय विकास विभाग के सलाहकार डाॅ. जी.एस. संधु ने अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान प्रोएक्टिव होकर कार्य करने से ही आमजन तक अभियान का लाभ पहुंचाया जा सकता है। डाॅ.जी.एस. संधु ने कहा कि प्रशासन शहरों के संग अभियान आमजन को लाभान्वित करने के लिए चलाया जा रहा है। इसमें प्रोएक्टिव होकर कार्य करने से इसका अपेक्षित लाभ मिलेगा। यह सरकार का एक महत्वपूर्ण अभियान है। इसकी सफलता के लिए सभी घटकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए। विभिन्न कार्यों के लिए निर्धारित शुल्क राशि में भारी छूट दी गई है ऐसी छूटें तथा रियायतें ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों तथा निकायों के बीच आपसी समन्वय के लिए जिला कलक्टर स्तर पर कार्य किया जाएगा। साथ ही अभियान के दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान भी करवाया जाएगा। आवश्यकतानुसार स्टाफ भी उपलब्ध कराने से अभियान के कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन शहरों के संग अभियान के सम्बन्ध में जन जागरूकता पैदा करने की कार्यवाही की जाए। घर-घर सर्वे करके अभियान के दौरान किए जाने वाले कार्यों का चिन्हीकरण किया जाए। मौके पर ही आवेदन भरने की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। इस कार्य में स्थानीय जन प्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाना चाहिए। शिविर की पूर्व तैयारी के लिए अलग दलों का गठन किया जाए। इन दलों द्वारा शिविर सम्बन्धी समस्त कार्यवाही पूर्व के दो दिन में की जाए। अभियान के दौरान 69ए के पट्टों पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिला कलक्टर अंशदीप ने कहा कि उपखण्ड अधिकारियों को अभियान के लिए प्रभारी बनाया गया है। अभियान के दौरान निर्धारित कार्यों को करने में आने वाली समस्त बाधाओं को दूर कर दिया गया है। अब अभियान के कार्यों को गति मिलेगी। नगर निगम की महापौर ब्रजलता हाड़ा ने कहा कि अभियान में कई जनहित के कार्य हुए हैं, भविष्य में भी इसी प्रकार कार्यों के माध्यम से आमजन को राहत प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त अक्षय गोदारा, अजमेर नगर निगम के आयुक्त सुशील कुमार, उप महापौर नीरज जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर कैलाश चंद शर्मा, एडीए सचिव किशोर कुमार, अभियान के पर्यवेक्षक भंवरसिंह चारण ,नगर नियोजन विभाग के नगर नियोजक एवं सलाहकार एच.एस. संचेती, सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में नगर निगम के पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने डॉ संधु के समक्ष अपनी समस्याएं रख कर समाधान की अपील की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved