Post Views 811
March 26, 2021
दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री का भारत दौरा राजनाथ से मिलकर सुह वूक ने दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग पर बात की, वॉर मेमोरियल भी गए
दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री सुह वूक को भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में शुक्रवार को सुषमा स्वराज भवन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों ने भारत-कोरियाई मित्रता पार्क का उद्घाटन भी किया। सुह वूक ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस बीच उन्होंने राजनाथ के साथ रक्षा सहयोग पर हाई लेवल मीटिंग भी की। सुह वूक 27 मार्च तक भारत में रहेंगे।
भारत-कोरिया रक्षा सहयोग पर बैठक
बीते साल दिसंबर में सेना प्रमुख गए थे दक्षिण कोरिया के दौरे पर
भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे दिसंबर 2020 में दक्षिण कोरिया की यात्रा पर गए थे। इस दौरान उन्होंने वहां के सैन्य और नागरिक नेतृत्व से मुलाकात की और भारत-कोरिया रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने के मुद्दे पर चर्चा की। सेना प्रमुख की यह यात्रा इस मायने में भी ऐतिहासिक रही कि पहली बार भारत के सेना प्रमुख दक्षिण कोरिया के दौरे पर गए थे।
इससे पहले अमेरिकी रक्षा मंत्री, भारत के तीन दिवसीय दौरे पर थे
अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन 19-21 मार्च तक भारत के दौरे पर रहे थे। भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लॉयड ऑस्टिन की मुलाकात हुई थी। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच विज्ञान भवन में मीटिंग भी हुई। भारत दौरे के बाद ऑस्टिन ने कहा था, भारत तेजी से अंतरराष्ट्रीय गतिशीलता में बदलाव करने में एक महत्वपूर्ण भागीदार है। मैं भारत-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत के साथ रक्षा साझेदारी के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता को दाहराता हूं।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved