Post Views 791
November 23, 2020
अफ्रीकी देश नाइजीरिया में रविवार को एक मस्जिद में बंदूकधारियों ने हमलाकर पांच लोगों की हत्या कर दी और 18 लोगों को अगवा कर लिया। नाइजीरिया पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की। यह हमला शुक्रवार को देश के उत्तर-पश्चिमी राज्य जामफरा में हुआ। पुलिस प्रवक्ता मुहम्मद शेहू ने बताया कि जामफरा क्षेत्र के मारुल एरिया में दस्तन गारी समुदाय में इस घटना को अंजाम दिया गया।
शेहू ने बताया कि बंदूकधारियों ने मस्जिद में मौजूद इमाम समेत 18 लोगों को अपहरण कर लिया। इसके बाद हमलावरों ने गोली चलना शुरू कर दिया। इस हमले में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई।
चश्मदीदों ने बताया कि बंदूकधारी मोटरबाइक के जरिए वहां पहुंचे और नमाज पढ़ रहे लोगों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमले के बाद हमलावर पास के एक जंगल में भाग गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और हमलावरों की तलाश में जुट गई। हाल के दिनों में नाइजीरिया के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में लूट, अपहरण और अन्य आपराधिक गतिविधियां उग्र हो गई हैं
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved