Post Views 881
July 7, 2017
अजमेर, ०७ जुलाई (कासं)। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के विकास एवं सौन्दर्यकरण में जनभागीदारी को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से शुक्रवार को अमेजिंग अजमेर मोबाइल एप लॉंच किया गया है। प्रारम्भिक तौर पर इसे ट्रायल के रूप में प्रारम्भ किया गया है। जिसकी विधिवत् शुरूआत एक अगस्त से शुरू होगी।
इस मौके पर जिला कलक्टर गौरव गोयल ने बताया कि इस एप के माध्यम से शहर को स्वच्छ, सुन्दर तथा स्मार्ट सिटी बनाने में संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेंगी। जो भी व्यक्ति शहर के विकास में भागीदारी निभाना चाहते है। वे इस एप के माध्यम से अनुमति प्राप्त कर सकेंगे। जिसमें सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियां की जा सकेंगी। एप के माध्यम से पूर्व में प्रस्ताव भेजने होंगे जिसकी एप के माध्यम से ही स्वीकृति मिल सकेंगी। उन्होंने सभी का आव्हान किया कि वे शहर को और अधिक स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने के लिए इंदौर मॉडल पर कार्य करें। जहां स्वच्छता के लिए काफी अच्छा काम हुआ है।
इस मौके पर नगर निगम के महापौर धर्मेन्द्र गहलोत ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। स्वच्छता के लिए घर-घर कचरा एकत्रित करने का कार्य भी प्रतिदिन किया जा रहा है। इस कार्य में सभी की भागीदारी नही होने पर सख्ती भी काम में ली जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी याद रखना चाहिए। सभी मिलकर शहर का विकास करें। इसी सोच के साथ हमें कार्य करना है।
प्रारम्भ में नगर निगम के आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने कहा कि अमेजिंग अजमेर मोबाइल एप की लांचिंग के बाद इसमें सभी के सुझाव प्राप्त किए जा सकेंगे तथा इसमें सुझाव के लिए जो भी जानकारी प्राप्त होती है। उसे सम्मिलित करते हुए एक अगस्त से इसे विधिवत शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर मोबाइल एप में विभिन्न लिंक जनभागीदारी, स्टैफिट, प्रकृति संबंधी ऑरगेनिक तथा गैलरी के माध्यम से प्रस्ताव भेजने तथा उसकी मंजूरी का प्रोसेस की जानकारी दी गई।
बारादरी पर किया श्रमदान- अमेजिंग अजमेर के तहत नगर निगम प्रशासन द्वारा शुक्रवार को बारादरी पर नगर निगम, प्रशासन, स्वयं सेवी संगठन एवं पार्षदों द्वारा श्रमदान किया गया। सभी ने मिलकर बारादरी पर साफ सफाई की तथा श्रमदान किया।
मोबाइल एप की लॉंचिंग जिला कलक्ट्रेट सभागार में नगर निगम के महापौर धर्मेन्द्र गहलोत की उपस्थिति में जिला कलक्टर गौरव गोयल ने की। इस मौके पर नगर निगम के आयुक्त हिमांशु गुप्ता, उपायुक्त ज्योति ककवानी, गजेन्द्र सिंह रलावता सहित स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधि तथा पार्षदगण उपस्थित थे।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved