Post Views 01
November 12, 2026
उदयपुर। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने बुधवार को उदयपुर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आयड़ नदी के बहाव क्षेत्र में श्री निकेतन की तरफ हुए अवैध निर्माण ढहाकर अतिक्रमण हटाने और उसके बाद फेंसिंग कर नदी की सीमा तय करने के निर्देश दिए। पारस तिराहे पर बन रहे ओवरब्रिज को अधिकारियों ने 31 मार्च से पहले चालू करने का भरोसा दिलाया। कटारिया ने पारस तिराहा ओवरब्रिज, किशनपोल का नया डीवाईएसपी कार्यालय, निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड, मुखर्जी चौक, आयड़ नदी सौंदर्यीकरण स्थल, ठोक चौराहा, नेहरू हॉस्टल की नई लेन और अटल पार्क, कुल 8 जगहों का दौरा किया। दौरे में उदयपुर ग्रामीण के विधायक फूलसिंह मीणा और महापौर पारस सिंघवी की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय रही।
पारस तिराहे पर अतिक्रमण तुरंत हटाने के निर्देश
राज्यपाल सबसे पहले पारस तिराहे पर बन रहे ओवरब्रिज पर पहुंचे और अधिकारियों से काम की प्रगति पूछी। अधिकारियों ने बताया कि ओवरब्रिज हर हाल में 31 मार्च से पहले चालू कर दिया जाएगा। पारस चौराहे के आसपास रोज लगने वाले जाम को देखते हुए कटारिया ने वहां का अतिक्रमण तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
एलिवेटेड रोड 9 महीने में, बस स्टैंड चौराहा फिर बनेगा
एलिवेटेड रोड के निर्माण स्थल पर कटारिया ने ठेका कंपनी और यूडीए के अधिकारियों के साथ परियोजना की समीक्षा की। अधिकारियों ने 9 महीने में काम पूरा करने की बात कही, जिस पर उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। एलिवेटेड रोड की वजह से हटाए गए बस स्टैंड के सामने वाले चौराहे को उसी जगह दो पिलर के बीच फिर से बनाने के निर्देश भी दिए।
नए डीवाईएसपी कार्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर
किशनपोल में नए बने डीवाईएसपी कार्यालय पहुंचने पर डीवाईएसपी छवि शर्मा के निर्देशन में पुलिसकर्मियों ने राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। भवन की व्यवस्थाएं देखकर कटारिया ने कहा कि इस कार्यालय के चालू होने से इलाके में अपराध पर काबू पाने में काफी मदद मिलेगी।
मुखर्जी चौक में मंडी हटी, पार्किंग बनी
मुखर्जी चौक में पहले सड़क पर ही सब्जी मंडी लगती थी, जिसे नगर निगम ने कुछ समय पहले पास के मंडी परिसर में शिफ्ट कर दिया था। मंडी हटने के बाद चौक में बनी पार्किंग व्यवस्था पर कटारिया ने संतोष जताया। स्थानीय व्यापारियों ने भी चौक के अतिक्रमण-मुक्त होने पर खुशी जताई।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved