Post Views 01
November 5, 2026
वन्दे मायलेजर कंपनी के एमडी सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रेस वार्ता कर लगाए गंभीर आरोप, बोले- कंपनी की छवि खराब करने और अवैध वसूली का बनाया गया दबाव,करेंगे क़ानूनी कार्यवाही
अजमेर। वन्दे मायलेजर कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने आज प्रेस वार्ता आयोजित कर 2 नवंबर को मेयो लिंक रोड चौराहे पर उनके साथ हुई कथित बदसलूकी के मामले में अपना पक्ष रखा। राठौड़ ने आरोप लगाया कि कंपनी से जुड़े रहे सोनू धारीवाल ने अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर उन्हें रास्ते में रोककर अभद्र व्यवहार किया और लोगों को एकत्रित कर उनके साथ बदसलूकी की। उन्होंने इसे कंपनी की छवि खराब करने और उन पर अवैध वसूली के लिए दबाव बनाने की साजिश बताया।
प्रेस वार्ता में सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि सोनू धारीवाल पहले उनकी कंपनी से जुड़ा हुआ था और उसे डीलरशिप भी दी गई थी, लेकिन वह कंपनी के निर्धारित नियमों के अनुसार काम नहीं कर रहा था। इसी कारण उसे कंपनी से हटा दिया गया था। राठौड़ के अनुसार, हिसाब-किताब पूरा करने के लिए सोनू को कार्यालय बुलाया गया, लेकिन वह कार्यालय नहीं पहुंचा और न ही पुराने बकाया हिसाब का निपटारा किया।
राठौड़ ने आरोप लगाया कि सोनू धारीवाल कंपनी के डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटर्स को गलत जानकारी देकर भड़काने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने कहा कि कंपनी से लंबे समय से कई डीलर और डिस्ट्रीब्यूटर जुड़े हुए हैं और अब तक किसी ने इस तरह की परेशानी की शिकायत नहीं की है। उनका कहना है कि सोनू निर्धारित नियमों के अनुसार काम नहीं कर रहा था और इसके बावजूद अतिरिक्त आय की मांग कर रहा था।
राठौड़ ने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित षड्यंत्र बताते हुए कहा कि उनके साथ की गई कथित बदसलूकी और अवैध वसूली की मांग का उद्देश्य कंपनी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना है। उन्होंने प्रेस वार्ता के माध्यम से अपना पक्ष सार्वजनिक करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved