Post Views 01
November 12, 2026
जयपुर: राजधानी जयपुर में बुधवार रात को सरेराह कुल्हाड़ी से काटकर जोबनेर थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. मुख्य आरोपी अनीश गोलिया ने अपने पिता कैलाश गोलिया की साल 2019 में हुई हत्या का बदला लेने के लिए वारदात की साजिश रची.उसने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को साथ लेकर बुधवार रात को जोबनेर से जयपुर तक विजय बाजिया का पीछा किया और करधनी थाना इलाके में रावण गेट के पास कैंपर से टक्कर मारकर उसकी लग्जरी गाड़ी को रुकवाया. बचकर भागते समय हमलावरों ने उसपर कुल्हाड़ी से हमला किया और सरेराह कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी.
जयपुर (पश्चिम) डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि जोबनेर निवासी विजय बाजिया की हत्या के मामले में तिबारिया (जयपुर ग्रामीण) निवासी अनीश गोलिया, कमलेश गोलिया, युवराज चौधरी और हिंगोनिया निवासी दिनेश चौधरी उर्फ दीनू को गिरफ्तार किया है.
हिस्ट्रीशीटर ने 7 साल पहले की थी पिता की हत्या : अब तक की जांच में सामने आया है कि जोबनेर थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया ने साल 2019 में कैलाश गोलिया की हत्या की थी. उस समय कैलाश का बेटा अनीश करीब 14 साल का था. उस समय शराब के ठेके के विवाद में जोबनेर में शराब के ठेके के पास ही विजय ने कैलाश की हत्या की थी. तब से ही अनीश अपने पिता की हत्या का बदला लेने की फिराक में था. उसने अपने साथियों के साथ पहले भी कई बार विजय की हत्या का प्रयास किया. वह उसे ठिकाने लगाने का मौका देख रहा था. इस वारदात में 7007 का भी नाम आया है.
8 घंटे में पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा : उन्होंने बताया कि हमलावरों ने रावण गेट के पास बुधवार रात करीब 8 बजे कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया. उन्होंने अनीश गोलिया की कैंपर से विजय की गाड़ी का पीछा किया और वारदात के बाद कैंपर लेकर मौके से भाग खड़े हुए. पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर तकनीकी आधार पर उनका पीछा किया. आखिरकार सुबह 4 बजे पुलिस ने चार आरोपियों को धर दबोचा और वारदात में इस्तेमाल की गई कैंपर को जब्त कर लिया. पूछताछ में सामने आया है कि अनीश गोलिया और उसके साथियों ने 7007 नाम से गैंग बनाई. हालांकि, पकड़े गए चारों आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है.
बचने का रास्ता नहीं देख सरेंडर करना चाहते थे आरोपी : पूछताछ में सामने आया है कि वारदात के बाद चारों आरोपी किसी जगह छिप गए थे. इसके बाद लगातार पुलिस द्वारा पीछा करने की संभावना के चलते उन्हें बचने का कोई रास्ता नहीं दिखा और वे थाने में सरेंडर करने आना चाह रहे थे. इसी दौरान पुलिस की नजर उनकी गाड़ी पर पड़ी और चारों आरोपियों को दबोच लिया गया. फिलहाल, पुलिस इस बारे में भी पड़ताल कर रही है कि इस वारदात में किसी और की भी भागीदारी है या नहीं. प्रारंभिक तौर पर रंजिश के चलते वारदात की बात सामने आई है. हालांकि, गैंगवार के एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है.
जयपुर में प्रॉपर्टी का काम करता था विजय : पड़ताल में सामने आया है कि विजय बाजिया कालवाड़ इलाके में फ्लैट किराए पर लेकर प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहा था. इस रंजिश को लेकर उस पर पहले भी तीन-चार बार हमले हो चुके हैं. वह बुधवार रात जोबनेर से जयपुर की तरफ आ रहा था. कैंपर पीछे लगी देखकर उसने अपनी गाड़ी रावण गेट की तरफ मोड़ दी, जहां जगदंबा नगर में बदमाशों ने कैंपर से उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी. बचकर भागते समय उस पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया. इसके बाद कैंपर लेकर भाग गए.
दो मर्डर और गाड़ी का नंबर 302 : मृतक विजय का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह जोबनेर (जयपुर ग्रामीण) का हिस्ट्रीशीटर था. कैलाश की हत्या के अलावा उस पर हत्या का एक और मुकदमा चल रहा था. जांच में यह भी सामने आया है कि वह प्रॉपर्टी के विवाद में हत्या करने तक की धमकियां देता था. उसकी गाड़ी का नंबर भी 0302 है. उसके खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थाने में 15 मुकदमे दर्ज हैं. उसका 10 साल का आपराधिक रिकॉर्ड है और कुछ आपरधिक गैंग से भी उसका संपर्क होने की बात सामने आई है.
सरपंच का चुनाव लड़ने की भी की तैयारी : पड़ताल में यह भी सामने आया है कि विजय बाजिया ने जोबनेर की खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की भी तैयारी की थी. इसके लिए उसने बैनर और पोस्टर भी छपवा लिए थे. हालांकि, बाद में उसने चुनाव नहीं लड़ा. अब पुलिस उसके आपराधिक गैंग से संपर्क की भी जानकारी जुटा रही है. पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास जारी है कि यह वारदात आपसी रंजिश का नतीजा है या अपराध की दुनिया की आपसी गैंगवार के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया.
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved