Post Views 01
October 31, 2026
राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी का हुआ आयोजन
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शहरवासियों ने ली अखंडता की शपथ
अजमेर, 31 अक्टूबर। सरदार वल्लभ भाई की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार 31 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट से सावित्री चौराहा वाया जवाहर रंगमंच से पुरानी चौपाटी तक रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया।
इसका शुभारम्भ कलेक्ट्रेट कार्यालय से अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री प्रवीण कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु जांगिड़ ने हरी झंडी दिखा कर किया। रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी सद्भाव की भावना को प्रोत्साहित करना है।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री प्रवीण कुमार ने उपस्थित सभी सहभागियों, विद्यार्थियों और अधिकारियों को देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने की राष्ट्रीय एकता शपथ दिलाई। सरदार पटेल के जीवन दर्शन और देश के एकीकरण में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए इस आयोजन ने जिले वासियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की अलख जगाई। इस सफल आयोजन से शहर में एकता और भाईचारे का संदेश प्रसारित हुआ।
इस राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित रन फॉर यूनिटी में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री गोविन्द नारायण शर्मा, मेडिकल कॉलेज के उपप्राचार्य कमलेश तनवानी, स्वास्थ्य अधिकारी रमेश चौधरी सहित जिला प्रशासन, कलेक्ट्रेट एवं नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी कैंडिडेट्स, जेएलएन एवं जनाना चिकित्सालय के मेडिकल तथा नर्सिंग के विद्यार्थियों एवं आमजन ने भी पूरी ऊर्जा के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved