Post Views 21
October 16, 2026
अजमेर: राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
अजमेर। राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) जिला शाखा अजमेर की ओर से राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनर्स की लंबित वित्तीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
महासंघ ने आरोप लगाया कि पिछले छह माह से कर्मचारियों और पेंशनर्स के विभिन्न भुगतान लंबित हैं, जिससे उनमें भारी रोष व्याप्त है। महासंघ ने दीपावली से पहले लंबित भुगतान जारी करने की मांग की।
ज्ञापन में समर्पित अवकाश, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जीपीएफ, राज्य बीमा, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन और पीएल के भुगतान से रोक हटाने, कोरोना काल के 18 माह के महंगाई भत्ते का भुगतान करने तथा पेंशनर्स को 65 वर्ष की आयु से 5 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देने की मांग उठाई गई।
इसके साथ ही संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, रिक्त पदों पर भर्ती करने, ठेका प्रथा बंद करने, RGHS योजना के नियमों का सरलीकरण करने और कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई।
महासंघ ने जुलाई 2026 से देय महंगाई भत्ते और वर्ष 2026 के बोनस की घोषणा एवं भुगतान दीपावली से पहले करने की मांग करते हुए राज्य सरकार से कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में जल्द निर्णय लेने की अपील की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved