Post Views 51
October 16, 2026
अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर हुआ बड़ा हादसा, प्लाईवुड की सीलिंग गिरने से युवक घायल।
अजमेर। संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर अचानक प्लाईवुड की सीलिंग गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान अस्पताल में प्रवेश कर रहा एक युवक इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई।
जानकारी के अनुसार, युवक अस्पताल के इमरजेंसी गेट से अंदर प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान गेट पर लगा प्लाईवुड की सीलिंग अचानक नीचे गिर गई। गनीमत रही कि इस हादसे में युवक को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे ने अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं और इमरजेंसी गेट पर मरीजों एवं उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर इस तरह की लापरवाही कैसे हुई? जहां हर दिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते-जाते हैं, वहां सुरक्षा व्यवस्था इतनी कमजोर कैसे हो सकती है? फिलहाल, इस घटना ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और गेट पर लगे छज्जे की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रशासन इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करवाता है या नहीं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved